गौतमबुद्ध नगर में बढ़ती ठंड और घने कोहरे के चलते कक्षा 8 तक के स्कूल बंद, डीएम ने दिए निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (2 जनवरी 2024): गौतमबुद्ध नगर में ठंड का प्रकोप और घने कोहरे के चलते नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया है। इस आदेश का पालन न करने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

जिले में पिछले कुछ दिनों से ठंड में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। सुबह के समय घना कोहरा छाने के कारण दृश्यता बेहद कम हो जाती है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया है।

यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और आईबी सहित सभी शैक्षणिक बोर्डों के अंतर्गत संचालित स्कूलों पर लागू होगा। बीएसए कार्यालय के अनुसार, बच्चों को ठंड और कोहरे से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई स्कूल इस आदेश की अवहेलना कर कक्षाएं संचालित करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि स्कूलों को कब खोलने की अनुमति दी जाएगी, इस पर निर्णय मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया जाएगा।

जिला प्रशासन का यह निर्णय बच्चों के हित में लिया गया है और अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे आदेश का पालन सुनिश्चित करें।

टिप्पणियाँ बंद हैं।