ग्रेटर नोएडा में श्री रामलीला मंचन का भव्य आगाज़, गणेश वंदना से शुरू हुई लीलाएँ
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (25/09/2025): ग्रेटर नोएडा साइट-4 स्थित श्री रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित भव्य रामलीला मंचन का शुभारंभ मंगलवार की शाम धूमधाम से हुआ। कार्यक्रम का प्रारंभ गणेश वंदना के साथ किया गया, जिसके पश्चात पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर मंचन की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कमेटी द्वारा किए गए सांस्कृतिक आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज को भारतीय संस्कृति और आदर्शों से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
कमेटी के अध्यक्ष मंजीत सिंह ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा और आदर्श जीवन मूल्यों का जीवंत मंचन है। वहीं, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने पहले दिन की लीला का विवरण देते हुए बताया कि मंचन की शुरुआत रावण, कुंभकरण और विभीषण की तपस्या से हुई। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी प्रकट हुए और तीनों भाइयों को वरदान प्रदान किया। इसके बाद नारद जी का प्रवेश हुआ, जिन्होंने हिमगिरी पर्वत पर तपस्या की। उनकी तपस्या से भयभीत होकर इंद्र विचलित हो जाते हैं। इसी बीच रावण वरदान पाकर धरती पर अत्याचार करने लगता है, जिससे दुखी होकर ऋषि-मुनि भगवान विष्णु को पुकारते हैं। विष्णु भगवान प्रकट होकर उन्हें आश्वासन देते हैं कि वे शीघ्र ही अवतार लेकर राक्षसों के अत्याचार का अंत करेंगे।
कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने जानकारी दी कि आगामी 25 सितम्बर की रामलीला में रावण-वेदमती संवाद, विष्णु-कौशल्या संवाद, श्रीराम जन्म, सीता जन्म, ताड़का वध और सुबाहु वध जैसी लीलाओं का मंचन होगा।

मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि यह रामलीला 23 सितम्बर से 3 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से प्रस्तुत की जाएगी। दर्शकों के लिए विशेष बैठने की व्यवस्था की गई है, जिसमें वीआईपी एरिया में आरामदायक सोफे और सामान्य क्षेत्र में कुर्सियों की सुविधा उपलब्ध है। लगभग एक लाख दर्शकों की बैठने की व्यवस्था की गई है। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन और समिति के गार्ड पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे। मंचन में प्रवेश निःशुल्क है, जबकि वीआईपी क्षेत्र में केवल पासधारकों को प्रवेश मिलेगा।
इस अवसर पर सरदार मंजीत सिंह, बिजेंद्र सिंह आर्य, धर्मपाल भाटी, सौरभ बंसल, मनोज गर्ग, विनोद कसाना, कमल सिंह आर्य, कुलदीप शर्मा, हरेंद्र भाटी, अमित गोयल, मुकेश शर्मा, चाचा हिंदुस्तानी, सुनील प्रधान, गिरीश जिंदल, विशाल जैन, श्यामवीर भाटी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और समिति सदस्य मौजूद रहे।
रामलीला मंचन के दौरान भक्तों और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे परिसर में “जय श्रीराम” के जयघोष गूंजते रहे। यह आयोजन 3 अक्टूबर तक प्रतिदिन नई-नई लीलाओं के साथ श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव कराएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।