गौतमबुद्ध नगर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने साझा की वर्ष 2024 की उपलब्धियां और नववर्ष की प्राथमिकताएं

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (31 दिसंबर 2024): गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने टेन न्यूज़ से विशेष बातचीत करते हुए वर्ष 2024 की उपलब्धियों और नववर्ष की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने सबसे पहले सभी नागरिकों को नववर्ष 2025 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह वर्ष कई चुनौतियों और उपलब्धियों से भरा रहा। तीनों अथॉरिटीज़ में कई विकास कार्य किए गए, जिनमें जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और डीएमआईसी सड़क से जुड़ने की प्रक्रिया शामिल है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही इंडिगो की लैंडिंग रनवे पर हुई, जो बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने सरकारी लोक कल्याणकारी योजनाओं जैसे आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, और पेंशन योजनाओं में टारगेट हासिल करने की बात कही। डीएम वर्मा ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं का लाभ देने का प्रयास किया गया। उन्होंने पर्यावरण के क्षेत्र में और अधिक मेहनत व बेहतर प्लानिंग की जरूरत पर जोर दिया, खासतौर पर ट्रैफिक मैनेजमेंट और हिंडन नदी के सुंदरीकरण को लेकर।

किसानों के मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने हमेशा संवाद बनाए रखा है। भूमि संबंधी समस्याओं को प्राधिकरणों के सहयोग से सुलझाने का प्रयास किया गया है। कुछ असामाजिक तत्वों के माहौल खराब करने के प्रयासों को सख्ती से निपटाया गया है। डीएम वर्मा ने आश्वासन दिया कि किसानों की जायज मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई जारी रहेगी और संवाद प्रक्रिया आगे भी चलती रहेगी।

नए साल के लिए योजनाओं का जिक्र करते हुए डीएम वर्मा ने बताया कि 2025 का साल टीबी उन्मूलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि 2025 तक पूरे देश को टीबी मुक्त बनाना है। इस दिशा में व्यापक प्रचार-प्रसार और अभियान शुरू कर दिए गए हैं। डीएम ने समाज के हर वर्ग से सहयोग की अपेक्षा की, जैसा कि पोलियो उन्मूलन अभियान के दौरान मिला था।

आखिर में, डीएम मनीष कुमार वर्मा ने जनपदवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सिविल सोसाइटी को आगे आना होगा। उन्होंने आशा जताई कि आगामी वर्ष में प्रशासन और जनता के सामूहिक प्रयासों से जिले को और अधिक विकसित और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जाएगा।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।