कासना पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, आरोपी अस्पताल में भर्ती

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (31 दिसंबर 2024): ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

कासना थाना पुलिस की एक टीम सोमवार रात सिरसा गोल चक्कर पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से साईट-5 चौकी की ओर से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस को शक होने पर उसका पीछा करते हुए घेराबंदी की गई।

पुलिस का पीछा करते देख बदमाश ग्राम खानपुर के पास बाइक से फिसलकर गिर गया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।

पकड़े गए आरोपी की पहचान सुमित उर्फ दीपक (पुत्र भागवीर सिंह, निवासी रावपुर, थाना पिसावा, जनपद अलीगढ़) के रूप में हुई। वह वर्तमान में दनकौर के तुलसी नगर इलाके में रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से चोरी की दो बैटरियां, एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश को पुलिस ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। कासना थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी का मामला दर्ज था और वह वांछित चल रहा था। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।