नए साल पर दिल्ली मेट्रो के संचालन में बदलाव, यात्रियों के लिए दिशा-निर्देश जारी
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (31 दिसंबर 2024): दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने 31 दिसंबर 2024 को नए साल के जश्न के मद्देनजर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यात्री सुविधाओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर रात 9 बजे के बाद बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, इस दौरान स्टेशन में प्रवेश की सुविधा और अंतिम ट्रेन तक यात्रा जारी रखने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
इसके अलावा, DMRC ने रात 8 बजे के बाद अपने ऐप से राजीव चौक को गंतव्य बनाकर QR टिकट जारी करने पर रोक लगा दी है। अन्य सभी मेट्रो रूट्स और स्टेशनों पर सेवाएं सामान्य रहेंगी। मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
दिल्ली मेट्रो आमतौर पर सुबह 5 बजे से रात 11 से 12 बजे तक संचालित होती है। एयरपोर्ट लाइन पर यह सेवा सुबह 4:45 बजे से रात 11:30 बजे तक उपलब्ध रहती है। अधिकतर लाइनों पर अंतिम ट्रेन रात 10:50 से 11 बजे तक चलती है। DMRC ने स्पष्ट किया है कि राजीव चौक को छोड़कर अन्य सभी स्टेशनों पर संचालन पहले की तरह ही रहेगा।
DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे नए साल का जश्न मनाते समय नियमों का पालन करें और दिशा-निर्देशों का सम्मान करें। यह प्रबंध यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखकर किए गए हैं। साथ ही, DMRC ने उम्मीद जताई है कि यात्री तय गाइडलाइंस का पालन कर नए साल का स्वागत सुगमता से करेंगे।।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।