ग्रेटर नोएडा के नीतीश भाटी बने कमर्शियल पायलट, पूरे गांव में जश्न का माहौल

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (11/09/2025): उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के डाढ़ा गांव का नाम उस समय सुर्खियों में आ गया जब गांव के होनहार युवक नीतीश भाटी ने कमर्शियल पायलट (Commercial Pilot) बनकर इतिहास रच दिया। 23 वर्षीय नीतीश ने कठिन परिश्रम और समर्पण से वह मुकाम हासिल किया, जिसके सपने उनके परिवार और विशेष रूप से उनके दादा ने वर्षों पहले देखे थे। एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले नीतीश ने 200 घंटे की अनिवार्य फ्लाइट ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी कर कमर्शियल पायलट का लाइसेंस प्राप्त किया है।

नीतीश भाटी के पिता रामवीर भाटी एक साधारण किसान हैं और उनकी माता एक गृहिणी। नीतीश ने बचपन से ही अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखा था और अपने दादा के उस सपने को साकार करने की ठानी थी, जिसमें वे अपने पोते को एक दिन उड़ान भरते देखना चाहते थे।

नीतीश ने अपनी ट्रेनिंग कर्नाटक के बेलगावी एयरपोर्ट से की। उन्होंने मई 2023 में प्रशिक्षण संस्थान जॉइन किया था और अगस्त से फ्लाइंग की शुरुआत की। कमर्शियल पायलट बनने के लिए DGCA (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) द्वारा निर्धारित 200 घंटे की उड़ान भरना अनिवार्य होता है। यह प्रक्रिया मौसम और अन्य तकनीकी परिस्थितियों के कारण 12 से 18 महीने का समय ले सकती है। नीतीश ने यह लक्ष्य निर्धारित समय के भीतर पूरा कर दिखाया।

नीतीश ने अपनी स्कूली शिक्षा 12वीं तक पीसीएम (Physics, Chemistry, Maths) विषयों के साथ पूरी की। उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई को कुछ समय के लिए रोका ताकि पहले पायलट ट्रेनिंग पूरी कर सकें। अब वे कॉलेज में दाखिला लेकर अपनी उच्च शिक्षा जारी रखने की योजना बना रहे हैं।

चार भाई-बहनों में नीतीश तीसरे नंबर पर हैं। उनकी बड़ी बहन प्रिया भाटी ग्रेटर नोएडा की गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी से बीकॉम पास कर बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रही हैं। छोटा भाई आशीष भाटी हाल ही में 12वीं पास कर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है, जबकि सबसे छोटी बहन इशू भाटी सीए (Chartered Accountant) की पढ़ाई में जुटी हैं।

नीतीश की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे डाढ़ा गांव को गौरवान्वित कर दिया है। गांव में जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं और लोग ढोल-नगाड़ों के साथ इस सफलता का जश्न मना रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी नीतीश को बधाइयों का तांता लगा हुआ है। क्षेत्र के युवाओं के लिए वे एक प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं। जहां एक ओर गांव के बच्चे बेहतर भविष्य के लिए शहरों का रुख करते हैं, वहीं नीतीश भाटी जैसे युवा यह साबित कर रहे हैं कि लगन, परिश्रम और स्पष्ट लक्ष्य हो तो कोई भी सपना हकीकत बन सकता है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को हौसला और दिशा देगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।