नई दिल्ली/श्रीनगर (11 सितंबर 2025): कश्मीर घाटी के सेब उत्पादकों के लिए भारतीय रेल ने बड़ी खुशखबरी दी है। दिल्ली के प्रमुख बाजारों तक ताजा सेब की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने आज से दो पार्सल वैन (एलवीपीएच कोच) में लोडिंग शुरू कर दी है। प्रत्येक वैन में आठ वैगन होंगे और हर वैन 23 मीट्रिक टन सेब ले जाने में सक्षम है। इससे उत्पादकों को अपनी फसल को तेज़ी और सुरक्षित तरीके से दिल्ली तक पहुंचाने का नया विकल्प मिला है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार मांग बढ़ने पर और पार्सल वैन जोड़ी जाएंगी। साथ ही 13 सितंबर से बड़गाम और दिल्ली के आदर्श नगर के बीच एक दैनिक पार्सल ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। यह ट्रेन 8 पार्सल वैन के साथ बड़गाम से सुबह 6:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:00 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह समय दिल्ली के बाजारों में सेब की आपूर्ति के लिहाज से बेहद अनुकूल है। व्यापारियों और उत्पादकों के लिए रेलवे ने ऑनलाइन पोर्टल से पार्सल वैन बुकिंग की सुविधा भी शुरू कर दी है।
उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक और जम्मू संभाग के मंडल रेल प्रबंधक लगातार राज्य बागवानी विभाग, फल उत्पादक संघों और व्यापारियों से संवाद कर रहे हैं, ताकि इस सेवा का अधिकतम लाभ किसानों को मिल सके। रेलवे ने यह भी आश्वासन दिया है कि मांग के अनुरूप मध्यवर्ती स्टेशनों पर अतिरिक्त पार्सल वैन जोड़ी जा सकेंगी और भविष्य में ऐसी और ट्रेनें चलाने के लिए भी रेलवे तैयार है।
कश्मीर घाटी को राष्ट्रीय माल ढुलाई नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में रेलवे पहले ही बड़ा कदम उठा चुका है। 9 अगस्त को पंजाब से सीमेंट की 21 वैगनों वाली पहली मालगाड़ी अनंतनाग गुड्स शेड पहुंची थी, जिससे घाटी में इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को नई गति मिली है। वहीं, इस साल जून में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उद्घाटित उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक पर अब नियमित मालगाड़ी सेवाएं भी चालू हो चुकी हैं। यही नहीं, इसी मार्ग पर दो वंदे भारत ट्रेनों का संचालन भी हो रहा है, जिनमें 100 प्रतिशत से अधिक यात्री यात्रा कर रहे हैं।
भारतीय रेल की यह पहल न केवल कश्मीर घाटी के फल उत्पादकों को बेहतर बाज़ार उपलब्ध कराएगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।