समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश @2047, ग्रेटर नोएडा में हुआ भव्य संवाद कार्यक्रम

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (10/09/2025): गौतमबुद्ध नगर में “समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश @2047” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को ग्रेटर नोएडा स्थित एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स (LG Electronics) परिसर में एक व्यापक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश को वर्ष 2047 तक एक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने हेतु विभिन्न वर्गों से सुझाव आमंत्रित करना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना था।

इस संवाद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश शासन के पर्यटन, सांस्कृतिक एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के प्रमुख सचिव तथा जनपद गौतमबुद्ध नगर के नोडल अधिकारी मुकेश कुमार मेश्राम, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी दिनेश त्यागी, पूर्व कृषि निदेशक सोराज सिंह एवं विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता अनिल कुमार गुप्ता समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि, “विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश @2047” केवल सरकार की योजना नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि किसी भी राष्ट्र का विकास व्यक्तिगत और पारिवारिक स्तर से शुरू होता है। एक सशक्त परिवार से ही सशक्त समाज और फिर एक सशक्त राज्य का निर्माण संभव है।

उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक प्रगति के साथ-साथ हमें अपनी सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं और नैतिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है। यही संतुलन भारत को एक आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बना सकता है। मेश्राम ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय लक्ष्य में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने सुझावों को क्यूआर कोड के माध्यम से सरकार तक पहुँचाएँ।

समाज के हर वर्ग की भागीदारी ज़रूरी: जिलाधिकारी मेधा रूपम

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अपने संबोधन में कहा कि इस महत्वाकांक्षी अभियान को सफल बनाने में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि उद्यमी, व्यापारी, श्रमिक, कृषक, शिक्षक, विद्यार्थी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएँ और स्वयंसेवी संस्थाएँ इस अभियान के स्तंभ हैं।

उन्होंने बताया कि संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी बहुमूल्य सुझावों को संकलित कर मुख्यमंत्री को प्रस्तुत किया जाएगा और इन्हें “विजन डॉक्यूमेंट 2047” में सम्मिलित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिले में सक्रिय उद्यमियों, श्रमिकों और संगठनों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

 

एलजी कंपनी ने साझा की विकास में भागीदारी की योजना

कार्यक्रम के दौरान एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के मैनेजर गगनदीप सिंह ने कंपनी द्वारा निर्मित उत्पादों की जानकारी देते हुए एक पावर प्रेज़ेंटेशन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि एलजी कंपनी किस प्रकार “विकसित भारत – विकसित उत्तर प्रदेश” के लक्ष्य की प्राप्ति में अपनी भूमिका निभा सकती है। उन्होंने उत्पादन, रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण एवं तकनीकी नवाचार जैसे क्षेत्रों में कंपनी की सक्रियता पर प्रकाश डाला और कहा कि निजी क्षेत्र की भागीदारी से ही विकास की गति तेज हो सकती है।

विशेषज्ञों से मिला मार्गदर्शन और सुझाव

सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों, जैसे कि पूर्व कृषि निदेशक सोराज सिंह और आईएफएस अधिकारी दिनेश त्यागी ने उद्यमियों, कृषकों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने उपस्थितजनों से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लिया और आश्वस्त किया कि ये सुझाव राज्य सरकार की विकास योजना में अहम भूमिका निभाएँगे।

मुख्य विकास अधिकारी ने जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागी उद्यमियों, कृषकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप प्रवेश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी कुमुद चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।