DUSU चुनाव 2025: नामांकन का अंतिम दिन, नए नियमों संग बढ़ी प्रतिस्पर्धा

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (10 September 2025): दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2025 के लिए बुधवार नामांकन करने का अंतिम दिन है। उम्मीदवार दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। इसके बाद 3:15 बजे तक नामांकन पत्रों की छंटनी होगी और शाम 6 बजे तक उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची जारी की जाएगी। वहीं 11 सितंबर दोपहर 12 बजे तक उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, उसी दिन शाम 5 बजे तक उम्मीदवारों की अंतिम सूची घोषित की जाएगी।

इस बार डूसू चुनाव 18 सितंबर को होना है, जिसे लेकर सभी छात्र संगठन रणनीति बना चुके हैं। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (आइसा) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के संयुक्त पैनल ने मंगलवार को ही अपने प्रत्याशियों के पर्चे दाखिल कर दिए हैं। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) 10-11 उम्मीदवारों के नामांकन कराएगा, जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आठ से नौ उम्मीदवारों को मैदान में उतारने का फैसला किया है।

नामांकन प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों को 500 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना अनिवार्य है। इसके साथ ही हलफनामा देना भी जरूरी है, ताकि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में उन पर कार्रवाई की जा सके। डीयू प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस और विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी पूरे कैंपस में तैनात रहेंगे।

इस साल डूसू चुनाव इसलिए भी ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत लागू हुए चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम की वजह से अब तीसरे वर्ष के छात्र भी उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद पर चुनाव लड़ सकेंगे। पहले यह अधिकार सिर्फ अंतिम वर्ष के छात्रों तक सीमित था। वहीं अध्यक्ष और सचिव पद के लिए अब किसी भी वर्ष के छात्र चुनाव लड़ सकते हैं। डूसू चुनाव समिति ने इसके लिए अधिसूचना भी जारी कर दी है।

इस बदलाव से चुनाव और अधिक प्रतिस्पर्धी हो जाएंगे और छात्रों को अपने प्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ाने का मौका मिलेगा। अब छात्रों की नजरें 18 सितंबर पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि डूसू की कमान किस छात्र संगठन के हाथ में जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।