चांदनी चौक: विकास के वादों पर खरे नहीं उतरे विधायक, बदहाली पर बीजेपी सांसद का वार
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (30 दिसंबर 2024): चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र में बदहाली और विकास के अभाव को लेकर सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आज अरविंद केजरीवाल सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एक प्रेस वार्ता में चांदनी चौक के 10 विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों की अनदेखी और सरकारी सेवाओं में भेदभाव का आरोप लगाते हुए एक चार्जशीट जारी की। सांसद ने कहा कि चांदनी चौक का यह ऐतिहासिक क्षेत्र, जो दिल्ली सरकार के राजस्व का प्रमुख स्रोत है, बदहाली का शिकार है।
विकास के नाम पर उपेक्षा का आरोप
सांसद खंडेलवाल ने कहा कि चांदनी चौक क्षेत्र में ऐतिहासिक शाहजहानाबाद, पुरानी दिल्ली और दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा बसाई गई कॉलोनियां आती हैं। इनमें एशिया के सबसे बड़े व्यापारिक और सभ्यता के केंद्र मौजूद हैं, लेकिन यहां की सड़कों, सीवर व्यवस्था, बिजली के लटकते तार, और गंदे पेयजल जैसी समस्याएं इस क्षेत्र की पहचान बन चुकी हैं।
धार्मिक आधार पर भेदभाव के आरोप
सांसद ने मटिया महल, बल्लीमारन, और चांदनी चौक जैसे विधानसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी के विधायकों पर धर्म के आधार पर सरकारी सेवाओं में भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में विकास कार्यों पर ध्यान दिया गया, जबकि हिंदू बहुल इलाकों की समस्याओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।
व्यापारिक मंडियों की दुर्दशा
बल्लीमारन और सदर बाजार जैसी प्रमुख होलसेल मंडियां, जहां लाखों व्यापारी काम करते हैं, सीवर, टूटी सड़कों, और अतिक्रमण से जूझ रही हैं। सांसद ने कहा कि इन क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू बनाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
पर्यटन और ऐतिहासिक स्थलों की अनदेखी
चांदनी चौक, जिसमें लाल किला, जामा मस्जिद, और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थल हैं, बदहाल स्थिति में है। फतेहपुरी, खारी बावली, और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जैसी जगहों पर टूटी सड़कों और सार्वजनिक शौचालयों की कमी बड़ी समस्याएं हैं।
अन्य विधानसभा क्षेत्रों की हालत
सांसद ने मॉडल टाउन, शकूर बस्ती, त्रिनगर, वजीरपुर, और आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सीवर, कूड़ा प्रबंधन, और पेयजल की कमी आम हो चुकी है। आजादपुर मंडी, जो विश्व प्रसिद्ध है, भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुकी है।
भाजपा का वादा और जनता की उम्मीदें
सांसद खंडेलवाल ने कहा कि चांदनी चौक की जनता अब आम आदमी पार्टी के विधायकों से निराश हो चुकी है और बदलाव की ओर देख रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा आगामी चुनावों में सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल करेगी और चांदनी चौक को विकास की नई दिशा में ले जाएगी।
प्रेस वार्ता में भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता, जिलाध्यक्ष, और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद थे। सांसद खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा चांदनी चौक के नवनिर्माण के लिए प्रतिबद्ध है और जनता को जाति-धर्म से ऊपर उठकर भाजपा को मौका देना चाहिए।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।