नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार, लूट का सामान बरामद

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (29 दिसंबर, 2024): नोएडा की सेक्टर-20 पुलिस और स्वाट/सीआरटी टीम ने आज एक बड़ी सफलता हासिल की। डीएलएफ तिराहे के पास हुई मुठभेड़ में चार लुटेरे बदमाशों को घायल कर गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई गाड़ियां, अवैध हथियार और 2 लाख 5 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया गया।

घटना तब हुई जब पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश डीएनडी फ्लाईवे से सेक्टर-18 की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चारों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अनस, शाहनवाज, समीर और एजाज आलम के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और नोएडा में किराए के मकान में रहते थे।

पुलिस ने इनके पास से लूट के 2.05 लाख रुपये नकद, आधार कार्ड, डेबिट कार्ड, पासपोर्ट, चोरी की मोटरसाइकिल, स्कूटी और जोमेटो ई-रिक्शा बरामद किया। इसके अलावा चार तमंचे, पांच जिंदा कारतूस और छह खोखा कारतूस भी जब्त किए गए।

इस पूरी कार्रवाई में सेक्टर-20 थाना प्रभारी धर्मप्रकाश शुक्ल और स्वाट टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और उनके खिलाफ विभिन्न मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि ये बदमाश कई लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल थे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।