GREATER NOIDA News (27/08/2025): उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मकनपुर बांगर गांव में दहेज हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 24 अगस्त की रात विवाहिता सन्नो (23 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, सन्नो की शादी करीब दो साल पहले आमिर उर्फ कपिल से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के समय दिए गए दहेज से ससुरालवाले संतुष्ट नहीं थे। विवाह के बाद से ही वे लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। पीड़िता के भाई शाहरुख के अनुसार, आरोपी 5 लाख रुपये नकद और एक कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर सन्नो को प्रताड़ित किया जाता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पति आमिर उर्फ कपिल, सास जन्नत समेत कुल सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या (धारा 304बी आईपीसी) और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि जांच के बाद मुख्य आरोपी पति और सास को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह मामला एक बार फिर समाज में व्याप्त दहेज प्रथा की क्रूर सच्चाई को उजागर करता है, जहां एक औरत को उसकी जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ी। मृतका के परिजन इंसाफ की मांग कर रहे हैं और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की अपील कर रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।