GREATER NOIDA News (22/08/2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर (Dankaur) कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सिकंदराबाद रेलवे रोड पर नाले के पास हुआ, जब एक तेज़ रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवकों को पीछे से ज़ोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान मंडी श्यामनगर निवासी विशाल (22 वर्ष) और प्रियांशु (17 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मृतक संजय प्रजापति के पुत्र थे और रोज़ की तरह फल-सब्जी लेने के लिए बाइक से सिकंदराबाद (Sikandrabad) की नवीन मंडी जा रहे थे। तभी अचानक पीछे से आ रहे तेज़ रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को कुचल दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों भाइयों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और डंपर को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
विशाल सब्जी विक्रेता था, जबकि उसका छोटा भाई प्रियांशु बर्गर की रेहड़ी लगाकर परिवार की आर्थिक मदद करता था। परिवार पहले से ही गंभीर आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। मृतकों के पिता संजय प्रजापति की एक टांग में फ्रैक्चर है, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हैं, वहीं उनकी बेटी भी गंभीर बीमारी से पीड़ित है।
पड़ोसियों के अनुसार, विशाल और प्रियांशु ही परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। दोनों की अचानक मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। दोपहर में जब दोनों भाइयों के शव घर पहुंचे, तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम संस्कार गांव में ही कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार से आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। यह हादसा एक बार फिर से सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर सवाल खड़ा करता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।