कौन हैं बी. सुदर्शन रेड्डी?, जिन्हें इंडिया ब्लॉक ने बनाया है उपराष्ट्रपति उम्मीदवार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (19/08/2025): दिल्ली में विपक्षी दलों की बैठक में उपराष्ट्रपति पद के लिए प्रत्याशी का नाम तय हो गया है। मंगलवार को राजाजी मार्ग पर हुई मीटिंग में तमाम दलों ने विचार-विमर्श के बाद पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी. सुदर्शन रेड्डी (B. Sudarshan Reddy) को उम्मीदवार बनाने पर सहमति जताई। 9 सितंबर को होने वाले चुनाव में अब उनका सीधा मुकाबला एनडीए के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से होगा। सूत्रों के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने रेड्डी का नाम प्रस्तावित किया था जिस पर सर्वसम्मति से मुहर लगी।
किसान परिवार से निकलकर न्यायपालिका की ऊंचाई तक पहुंचे
बी. सुदर्शन रेड्डी का पूरा नाम बालकृष्ण सुदर्शन रेड्डी है। उनका जन्म 8 जुलाई 1946 को आंध्र प्रदेश के रंगा रेड्डी जिले के अकुला मायलारम गांव में हुआ था। साधारण किसान परिवार से आने वाले रेड्डी के पिता खेती करते थे और घर की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और हैदराबाद जाकर शिक्षा हासिल की। 1971 में उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की और यहीं से उनकी न्यायिक यात्रा की शुरुआत हुई।
हाई कोर्ट के सरकारी वकील से चीफ जस्टिस तक का सफर
कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद रेड्डी ने आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट में वरिष्ठ वकील के. प्रताप रेड्डी के अधीन वकालत शुरू की। सिविल और संवैधानिक मामलों में उन्होंने गहरी पकड़ बनाई। उनकी मेहनत और विशेषज्ञता को देखते हुए 1988 में उन्हें हाई कोर्ट का सरकारी वकील नियुक्त किया गया। इसके बाद केंद्र सरकार ने उन्हें अतिरिक्त स्थायी वकील भी बनाया। 1993 में वह आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश बने और 2005 में गुवाहाटी हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस का पदभार संभाला।
सुप्रीम कोर्ट जज और गोवा के लोकायुक्त रहे रेड्डी
2 मई 1993 से न्यायिक सेवा में सक्रिय रहने वाले बी. सुदर्शन रेड्डी को 12 जनवरी 2007 को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त किया गया। चार साल तक सर्वोच्च न्यायालय में सेवाएं देने के बाद उन्होंने 8 जुलाई 2011 को सेवानिवृत्ति ली। इसके बाद मार्च 2013 में उन्हें गोवा का लोकायुक्त नियुक्त किया गया। हालांकि, निजी कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने अक्टूबर 2013 में यह पद छोड़ दिया। उनकी सख्त छवि और निष्पक्षता को लेकर वह हमेशा चर्चा में रहे।
उपराष्ट्रपति चुनाव में बनेगा दिलचस्प मुकाबला
बी. सुदर्शन रेड्डी के INDIA गठबंधन के उम्मीदवार बनने से उपराष्ट्रपति चुनाव और दिलचस्प हो गया है। एक ओर एनडीए ने अनुभवी राजनेता और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को मैदान में उतारा है, तो दूसरी तरफ विपक्ष ने पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज को प्रत्याशी बनाकर चुनाव को संतुलित कर दिया है। अब देखना यह होगा कि 9 सितंबर को होने वाले मतदान में किसे बहुमत का समर्थन मिलता है और कौन उपराष्ट्रपति की कुर्सी तक पहुंचता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।