दुनिया जब भारत की ओर देखती है तो सबसे पहले दिल्ली की ओर ध्यान देती है: पीएम मोदी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (17/08/2025): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने रविवार को दिल्ली में द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER-2) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा लोगों का जीवन आसान बनेगा। उन्होंने इसे विकास क्रांति का प्रतीक बताते हुए कहा कि आजादी के अमृतकाल में दिल्ली देश की तरक्की की गवाह बन रही है।

कृष्णामय माहौल में उद्घाटन

प्रधानमंत्री ने कहा कि द्वारका में जन्माष्टमी के उल्लास और सहयोग से कार्यक्रम का माहौल कृष्णामय हो गया है। अगस्त के महीने को उन्होंने आजादी और क्रांति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली को मिल रही नई कनेक्टिविटी दफ्तर, फैक्ट्री और व्यापारिक केंद्रों तक पहुंच को आसान बनाएगी और इससे किसानों व कारोबारी वर्ग को भी विशेष लाभ होगा।

दिल्ली की बदलती तस्वीर

मोदी ने कहा कि दुनिया जब भारत की ओर देखती है तो सबसे पहले राजधानी दिल्ली पर ध्यान देती है। यहां अब आधुनिक एक्सप्रेसवे, दुनिया के सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क में से एक, और नमो भारत जैसी आधुनिक रैपिड रेल परियोजनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली को बेहतरीन शहर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और द्वारका एक्सप्रेसवे तथा UER-2 इसमें अहम भूमिका निभाएंगे।

कचरे से कंचन तक की मिसाल है सड़क

प्रधानमंत्री ने UER-2 की विशेषता बताते हुए कहा कि इसे बनाने में लाखों टन कचरे का वैज्ञानिक उपयोग किया गया है। इससे न केवल सड़क बनी बल्कि भलस्वा और गाजीपुर जैसे कूड़े के पहाड़ों से दिल्ली को राहत मिलने की दिशा में भी कदम बढ़ा है। उन्होंने इसे “कचरे से कंचन” बनाने का उदाहरण बताया।

ग्रीन और क्लीन दिल्ली का संकल्प

पीएम मोदी ने यमुना की सफाई पर भी जोर दिया और कहा कि भाजपा सरकार ने अब तक 16 लाख मैट्रिक टन कचरा हटाया है। साथ ही, दिल्ली में अब तक 650 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा चुकी हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या 2000 तक पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि यह “ग्रीन और क्लीन दिल्ली” के संकल्प को और मजबूती देगा।

पिछली सरकारों पर बोला हमला

दिल्ली की राजनीति पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों ने दिल्ली को गड्ढे में गिरा दिया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को पहले गड्ढा भरना पड़ा और अब जनता को सुविधाएं देने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा टीम मेहनत करके दिल्ली को दशकों पुरानी समस्याओं से बाहर निकालेगी।

इंफ्रास्ट्रक्चर से रोजगार तक का सफर

इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 11 वर्षों में बजट छह गुना बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि इस तरह की परियोजनाएं न केवल बेहतर कनेक्टिविटी लाती हैं बल्कि लाखों रोजगार भी पैदा करती हैं। कंस्ट्रक्शन मैटेरियल से लेकर दुकानों और फैक्ट्रियों तक नए अवसर बन रहे हैं।

स्वच्छता मित्रों को किया सलाम

सफाई कर्मियों को सम्मान देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के स्वच्छता मित्र शहर की जिम्मेदारी निभा रहे हैं और हमें हर सुबह उठते ही उन्हें धन्यवाद कहना चाहिए। उन्होंने खुलासा किया कि पहले दिल्ली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट में ऐसा कानून था कि अगर सफाई कर्मी बिना बताए काम पर न आएं तो उन्हें एक महीने की जेल हो सकती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ऐसे अन्यायपूर्ण कानूनों को बदल दिया है।

आत्मनिर्भर भारत का किया आह्वान

पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत पर बल देते हुए कहा कि हमें चक्रधारी मोहन (भगवान श्रीकृष्ण) और चरखा धारी मोहन (महात्मा गांधी) दोनों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि खादी की बिक्री पिछले दशक में छह गुना बढ़ी है, मेड इन इंडिया मोबाइल फोन अब निर्यात तक हो रहे हैं और यूपीआई दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म बन चुका है। उन्होंने जनता से “वोकल फॉर लोकल” का संकल्प लेने का आह्वान किया।

भाजपा सरकार रखेगी दिल्ली का कायाकल्प जारी

अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्तव्य पथ, भारत मंडपम और नए सेंट्रल सेक्रेटरिएट जैसे प्रोजेक्ट दिल्ली की शान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा सरकार दिल्ली को दुनिया की सबसे बेहतरीन राजधानी बनाएगी और दिल्ली-एनसीआर का कायाकल्प कर दिखाएगी। उन्होंने दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लोगों को इन विकास परियोजनाओं के लिए बधाई दी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।