दिल्ली: भूकंप व अग्निकांड से निपटने के लिए 55 जगहों पर मॉक ड्रिल का आयोजन

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (01/08/2025): दिल्ली में शुक्रवार को भूकंप जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए एक विशाल मॉक ड्रिल (Mock Drill) का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में राजधानी के 11 जिलों के 55 स्थानों पर एक साथ राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। सुबह कंट्रोल रूम को मिली आपदा की फर्जी सूचना के बाद तमाम एजेंसियों को अलर्ट किया गया और अभ्यास शुरू हुआ। आपदा प्रबंधन विभाग ने इसे “प्रतिक्रिया की रफ्तार और समन्वय का मूल्यांकन” बताया।

पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार स्थित इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के ईस्ट कैंपस में भी इस अभ्यास को अंजाम दिया गया। एसडीएम देवेंद्र तोमर के नेतृत्व में दिल्ली फायर सर्विस, सीआईएसएफ, सिविल डिफेंस, बीएसईएस और दिल्ली पुलिस की टीमें कुछ ही समय में मौके पर पहुंचीं। यूनिवर्सिटी प्रशासन, स्टाफ और छात्रों ने भी इसमें भाग लिया। तोमर ने बताया कि मॉक ड्रिल सरकारी एजेंसियों की तैयारियों के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है।

दिल्ली फायर सर्विस के वरिष्ठ अधिकारी मोहन सिंह के अनुसार, उन्हें सूचना मिली कि एक इमारत भूकंप से ढह गई है और आग लग गई है। उनकी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और बचाव कार्य किया। उन्होंने कहा कि अभ्यास में सभी एजेंसियों का तालमेल शानदार रहा और यह भरोसा दिलाता है कि असली आपदा की स्थिति में भी प्रशासन सजग और सक्षम रहेगा।

दिल्ली एम्स (AIIMS) में भी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कन्वर्जन बिल्डिंग में भूकंप की वजह से नुकसान की सूचना सुबह 9:44 बजे दी गई। तत्काल एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, दिल्ली पुलिस, एम्स प्रशासन, एंबुलेंस सेवा, जल बोर्ड, पीडब्ल्यूडी समेत सभी टीमें पहुंचीं। एसडीएम दक्षिण जिला मुकेश कुमार ने राहत कार्यों की निगरानी की। घायलों को सुरक्षित निकाल कर इलाज के लिए भेजा गया।

इस व्यापक ड्रिल में न केवल दिल्ली बल्कि ग्रेटर नोएडा भी शामिल रहा। एलजी कंपनी में अचानक सायरन बजा, और तुरंत भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि यह सब अभ्यास का हिस्सा था। जिलाधिकारी मेधा रुपम की निगरानी में रेडक्रॉस, पुलिस, फायर ब्रिगेड, और स्वास्थ्य टीमें जुटीं। प्रशासन ने इस मौके पर आम नागरिकों को जागरूक करने का भी प्रयास किया।

ग्रेटर नोएडा में भी पांच स्थानों पर जिम्स, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स, गुरजिंदर विहार, सावित्रीबाई फुले बालिका स्कूल और सूरजपुर विकास भवन में मॉक ड्रिल कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों को जांचा गया। नोडल अधिकारी ने कहा कि इस तरह की कवायतों से पता चलता है कि अगर प्राकृतिक आपदा आए तो प्रशासन कितनी तेजी से प्रतिक्रिया दे सकता है और आम लोग कैसे सजग हो सकते हैं।

पूर्वी दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भी ऐसी ही एक ड्रिल हुई। इमारत के गिरने और कई लोगों के घायल होने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। इसके बाद अस्पताल के डॉक्टरों, फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस और दिल्ली पुलिस ने मिलकर घायलों को उपचार, भीड़ नियंत्रण और आग बुझाने का समन्वित प्रदर्शन किया। आपसी तालमेल और प्रतिक्रिया समय पर खास ध्यान दिया गया।

रोहिणी स्थित अग्रसेन इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भी एक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। काल्पनिक रूप से इमारत के एक हिस्से के गिरने और आग लगने की सूचना पर तुरंत NDRF, दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और नगर निगम की टीमें पहुंचीं। आठ घायलों को सुरक्षित निकालकर पास के अस्पताल भेजा गया। इस दौरान मलबा हटाने, घायलों की पहचान, और आग पर काबू पाने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया।

अग्रसेन हॉस्पिटल की ड्रिल में एनडीआरएफ ने मलबे से फंसे लोगों को निकालने का अभ्यास किया, जबकि दमकल विभाग ने आग पर नियंत्रण का प्रदर्शन किया। एसडीएम वीरेंद्र सिंह ने बताया कि यह अभ्यास एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और समन्वय कौशल को परखने के लिए किया गया था। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने एजेंसियों के बीच तालमेल को सराहा।

दिल्ली सरकार के अनुसार, इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य न केवल सरकारी एजेंसियों को तैयार करना था, बल्कि आम नागरिकों को भी आपदा के प्रति जागरूक बनाना था। अधिकारी मानते हैं कि भविष्य में ऐसी आपदाएं यदि आती हैं, तो दिल्ली प्रशासन और स्थानीय नागरिक मिलकर उसका मुकाबला करने में सक्षम होंगे। यह मेगा मॉक ड्रिल राष्ट्रीय राजधानी की आपदा तैयारियों का बड़ा संकेत है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।