गौतमबुद्ध नगर वासियों की समस्याओं का‌ समाधान प्रथम प्राथमिकता: डीएम मेधा रूपम

मेघा राजपूत, संवादाता, टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (30/07/2025): गौतमबुद्ध नगर को एक सशक्त महिला प्रशासनिक नेतृत्व मिला है।2014 बैच की तेजतर्रार IAS अधिकारी मेधा रूपम (DM Medha Rupoom) ने बुधवार, 30 जुलाई को समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) पहुंचकर गौतमबुद्ध नगर की नवनियुक्त जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण के बाद उन्होंने मीडिया से अपनी प्राथमिकताओं, अनुभवों तथा जन अपेक्षाओं पर खुलकर बात की।

जनता के लिए हमेशा खुला रहेगा प्रशासन का दरवाज़ा

कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यभार संभालने के बाद टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत में डीएम मेधा रूपम ने कहा कि “मेरी पहली प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान है। जो भी पेचीदगियां हैं, जिनसे जनता को रोज़मर्रा में दिक्कत हो रही है, उसके समाधान के लिए गौतमबुद्ध नगर कलेक्ट्रेट के दरवाज़े हमेशा खुले रहेंगे। हम पूरी मेहनत के साथ हर समस्या को हल करने का प्रयास करेंगे।”

ग्रेटर नोएडा में ACEO के अनुभव से मिलेगी दिशा

डीएम मेधा रूपम पहले भी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Greater Noida Authority) में एसीईओ के रूप में कार्य कर चुकी हैं। इस अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “मैं यहां की भौगोलिक, सामाजिक और विकासात्मक चुनौतियों से परिचित हूं। प्राधिकरण में काम करने का अनुभव अब जिलाधिकारी के रूप में मेरी भूमिका को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाएगा।”

 

किसानों की समस्याओं पर संवेदनशील रुख

जब उनसे किसानों से जुड़े मुद्दों के बारे में सवाल किया गया, तो डीएम मेधा रूपम ने कहा कि “किसानों की समस्याओं को संवाद और समाधान के जरिए सुलझाया जाएगा। हम हर समस्या पर मंथन करेंगे और उनका ठोस हल निकालने का प्रयास करेंगे।”

महिलाओं को विशेष संदेश: सपने देखें, मेहनत करें

डीएम मेधा रूपम ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “हमेशा बड़ा सपना देखिए, और उसे साकार करने के लिए मेहनत करते रहिए। यही सफलता की कुंजी है।”

कासगंज के अनुभव को नोएडा में करेंगी लागू

डीएम मेधा रूपम इससे पहले कासगंज जिले की जिलाधिकारी थीं, जहां उनके कार्यकाल की सराहना व्यापक स्तर पर हुई। इस पर उन्होंने कहा कि “कासगंज में बेहद सकारात्मक अनुभव रहा। बहुत कुछ सीखा, जो अब गौतमबुद्ध नगर जैसे चुनौतीपूर्ण जिले में बेहद उपयोगी सिद्ध होगा।”

मेधा रूपम: प्रशासनिक कार्यक्षमता का पर्याय

IAS मेधा रूपम की पृष्ठभूमि भी प्रेरणादायक रही है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा केरल में हुई। वह राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग खिलाड़ी रह चुकी हैं और गोल्ड मेडलिस्ट भी हैं। मेधा रूपम के परिवार में कई IAS अधिकारी हैं, जिसमें‌ उनके पिता ज्ञानेश कुमार भी IAS अधिकारी हैं, जो वर्तमान में देश के चुनाव आयुक्त हैं और वहीं उनके पति मनीष बंसल भी एक वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं।

DM की वापसी और नोएडा के लिए रणनीतिक संकेत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) के विश्वासपात्र अधिकारियों में गिनी जाने वाली मेधा रूपम की नियुक्ति को नोएडा के लिए एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि वह पूर्व में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और इंटरनेशनल फिल्म सिटी जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स से जुड़ी रही हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि उनकी वापसी से इन परियोजनाओं को नई रफ्तार मिलेगी।

 

अब उम्मीदों की कसौटी पर डीएम मेधा रूपम

गौतमबुद्ध नगर के पूर्व डीएम मनीष कुमार वर्मा (Former DM Manish Kumar Verma) ने जिले में कई उल्लेखनीय कार्य किए और प्रशासन को एक सशक्त दिशा दी। अब डीएम मेधा रूपम से भी जिले की जनता को काफी उम्मीदें हैं। वह सिर्फ प्रशासनिक अनुभव के बल पर नहीं, बल्कि एक संवेदनशील, योजनाबद्ध और निर्णायक अधिकारी के रूप में पहचानी जाती हैं।

क्या मेधा रूपम जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेंगी?

अब यह देखना रोचक होगा कि क्या डीएम मेधा रूपम गौतमबुद्ध नगर जैसे हाई-प्रोफाइल और तेज़ी से बढ़ते ज़िले में प्रशासन, निवेश, और नागरिक समस्याओं के मोर्चे पर संतुलन बनाए रखते हुए जन अपेक्षाओं पर खरा उतर पाएंगी या नहीं?

पदभार संभालने के बाद अधिकारियों से की मुलाकात

गौतमबुद्ध नगर की नवनियुक्त जिलाधिकारी ने औपचारिक रूप से पदभार संभालने के बाद जिले के अधिकारियों से मुलाकात की और प्रशासनिक दिशा -निर्देशों की समीक्षा की। इस मौके पर गौतमबुद्ध नगर के पूर्व डीएम मनीष कुमार वर्मा (Manish Kumar Verma) भी मौजूद रहे।

आपकी राय क्या है? क्या आप मेधा रूपम की वापसी को जिले के लिए नई ऊर्जा मानते हैं? अपनी राय नीचे कमेंट में ज़रूर साझा करें।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।