प्रधानमंत्री वाराणसी से जारी करेंगे पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त, देशभर में होगा कार्यक्रम
टेन न्यूज नेटवर्क
वाराणसी, (30 जुलाई 2025): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को वाराणसी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 20वीं किस्त जारी करेंगे। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs), कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति और निदेशक वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के लगभग 9.7 करोड़ किसानों के खातों में लगभग 20,500 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। यह योजना 2019 में शुरू हुई थी और अब तक 19 किस्तों के तहत कुल 3.69 लाख करोड़ रुपये किसानों को प्रदान किए जा चुके हैं।
बैठक में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय, राज्य, जिला और गांव स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन जन अभियान की तरह हो। उन्होंने सभी कृषि विज्ञान केंद्रों को इसकी व्यापक तैयारी करने के निर्देश दिए। मंत्री ने बताया कि हर साल किसानों को 6,000 रुपये की राशि तीन किस्तों में दी जाती है, और यह कार्यक्रम न केवल लाभ वितरण का जरिया है बल्कि किसान जागरूकता का उत्सव भी है।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि इस कार्यक्रम में कृषि सखी, ड्रोन दीदी, बीमा सखी, बैंक सखी और पशु सखी जैसे जमीनी स्तर के महिला कार्यकर्ताओं और ग्राम पंचायतों के सरपंचों के माध्यम से भी कार्यक्रम की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान किसानों से खरीफ फसलों और खेती-बाड़ी से जुड़े मुद्दों पर संवाद भी किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने देश के किसानों से भी आह्वान किया कि वे 2 अगस्त को बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम से जुड़ें। उन्होंने इसे न केवल लाभ प्राप्त करने का अवसर, बल्कि देश की कृषि विकास योजनाओं से जुड़ने का महापर्व बताया।

बैठक में कृषि सचिव ने देवेश चतुर्वेदी, ICAR के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट और कृषि मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सरकार का उद्देश्य है कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में किसानों तक सीधा और त्वरित लाभ पहुंचाया जाए तथा इस अवसर को ‘कृषि उत्सव और मिशन’ के रूप में मनाया जाए।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।