14वें महाकौथिग के चौथे दिन का सुबह का सत्र गढ़वाली-कुमाउनी कवि सम्मेलन के नाम रहा
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (24 दिसंबर 2024): नोएडा स्टेडियम में चल रहे 14वें महाकौथिग मेले के चौथे दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के ACO सौम्य श्रीवास्तव और उनकी धर्मपत्नी सुरभि श्रीवास्तव ने रिबन काटकर किया। इसके बाद विधिवत रूप से गढ़वाली-कुमाउनी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखंड के कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहा।
कवि सम्मेलन में समाज के विभिन्न पहलुओं पर कविताएँ सुनाई गईं, जिनमें पहाड़ की पीड़ा और पलायन की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। कई कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से पहाड़ में बंद पड़े घरों को आबाद करने का आह्वान किया। युवा कवियत्री किरण पंत ने अपनी कविता “ऐजा लोगोँ लौटी पहाड़ा..” के साथ सम्मेलन की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने पलायन की दुखद स्थिति पर जोर दिया। इसके बाद वरिष्ठ कवि डॉक्टर पृथ्वी सिंह केदारखंडी ने शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक मार्मिक कविता प्रस्तुत की।
रघुवर दत्त शर्मा “राघव” ने एक कुमाऊंनी कविता पेश की, जबकि रमेश चंद्र घिल्डियाल ने समलौण नामक कविता के जरिए बचपन की यादों को ताजा किया। जयपाल सिंह रावत “छिपडू दा” ने एक आधुनिक पत्नी और पुरुष की जटिलता पर कविता सुनाई। दिनेश ध्यानी ने समाज की विसंगतियों को उजागर करते हुए न्यूक्लियर परिवार और चकबंदी की समस्याओं पर कविता प्रस्तुत की। राजेंद्र भंडारी ने पलायन पर अपनी कुमाऊनी कविता पढ़ी, जबकि कुंज बिहारी मुंडेपी ने अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम को एक खूबसूरत कविता में व्यक्त किया।
रमेश हितैषी ने चौहान दंपति को समर्पित कविता सुनाई, वहीं बिहारी लाल जलंधरी ने उत्तराखंडी बोली और भाषा पर कविता प्रस्तुत की। भगवती प्रसाद जुयाल ने संस्कृति और संस्कारों के साथ देवताओं का आह्वान किया और नई पीढ़ी पर कटाक्ष किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि बृजमोहन शर्मा वेदवाल और आयुषी जुयाल ने किया।
शाम के सत्र में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन की सूचना है। इसके साथ ही सुप्रसिद्ध लोक गायक गढ़रत्न नरेंद्र सिंह अपने सुपरहिट लोक गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवत मनराल द्वारा निर्देशित नृत्य नाटिका “वीर माधो सिंह भंडारी” होगी।
इस शानदार कवि सम्मेलन ने महाकौथिग मेले को एक नई ऊँचाई दी, और दर्शकों को अपनी कला और संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।