धक्का-मुक्की में घायल सांसदों की हालत स्थिर, नोएडा के कैलाश अस्पताल में चल रहा इलाज

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (23 दिसंबर, 2024): हाल ही में संसद परिसर में हुई धक्का-मुक्की की घटना में घायल सांसद प्रताप सारंगी और सांसद मुकेश राजपूत को पहले आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को उन्हें वहां से छुट्टी मिलने के बाद सेकंड ओपिनियन के लिए नोएडा के सेक्टर-71 स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती किया गया।

अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. श्रीकांत शर्मा ने जानकारी दी कि दोनों सांसद डॉक्टरों की दो टीमों की निगरानी में हैं और अगले तीन-चार दिनों तक अस्पताल में रहेंगे। उन्होंने बताया कि दोनों की स्थिति अब स्थिर है।

56 वर्षीय सांसद मुकेश राजपूत ने अस्पताल में भर्ती होने के समय पीठ के निचले हिस्से में गंभीर दर्द, निचले अंगों में सुन्नता और झुनझुनी, सिरदर्द और मतली जैसी समस्याओं की शिकायत की थी। डॉक्टरों ने उनकी स्पाइन स्क्रीनिंग, सीटी ब्रेन स्कैन और लुंबोसैक्रल स्पाइन (एलएस स्पाइन) का एमआरआई कराया। जांच के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है और फिलहाल वे न्यूरोसर्जिकल टीम की निगरानी में हैं।

डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बताया, “दोनों सांसदों की जांच की जा चुकी है और उनकी रिपोर्ट सामान्य आई है। हालांकि, उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है।”

सांसद प्रताप सारंगी की भी स्थिति में सुधार हो रहा है और उन्हें भी निगरानी में रखा गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दोनों सांसद जल्द ही स्वस्थ होकर अपने कार्यों पर लौट सकते हैं।

गौरतलब है कि संसद परिसर में हुई इस अप्रत्याशित घटना के बाद कई नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया था।

टिप्पणियाँ बंद हैं।