केजरीवाल पर पानी फेंके जाने की घटना: भाजपा प्रवक्ता ने इसे बताया “नई बोतल में पुरानी शराब”

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 दिसंबर 2024): दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने शनिवार को ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर पानी फेंके जाने की घटना को लेकर बयान दिया। उन्होंने इसे “नई बोतल में पुरानी शराब” की संज्ञा दी और कहा कि इस प्रकार की घटनाएं हर विधानसभा चुनाव के दौरान केवल अरविंद केजरीवाल के साथ ही होती हैं।

कपूर ने कहा कि पूरे देश में चुनाव होते हैं, जहां नेता प्रचार करते हैं और अच्छे-बुरे सुरक्षा कवर प्राप्त करते हैं, लेकिन यह अजीब घटनाएं केवल केजरीवाल के साथ क्यों होती हैं, यह एक बड़ा सवाल है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली भाजपा हर तरह के हिंसात्मक विरोध की निंदा करती है, लेकिन पार्टी के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि केजरीवाल हताश हो चुके हैं और “थप्पड़ कांड” जैसा कोई नया तमाशा करेंगे, जो अब सच साबित हुआ है।

प्रवीण शंकर कपूर ने दिल्लीवासियों का सवाल उद्धृत करते हुए कहा, “दिल्ली वाले पूछ रहे हैं कि आखिर यह सब अरविंद केजरीवाल के साथ ही क्यों होता है?”

टिप्पणियाँ बंद हैं।