नोएडा में विकास कार्य होंगे तेज, अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश | Noida Authority

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (22/07/2025): नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) के महाप्रबंधक (सिविल) अशोक कुमार अरोड़ा ने सोमवार को शहर के विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत जेपी फ्लाईओवर (Jaypee Flyover) से लेकर सेक्टर-92 के टी-पाइंट (Tea Point) तक नाले पर चल रहे निर्माण कार्य से हुई। जीएम ने पाया कि कार्य की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने निर्माण में तेजी लाने के साथ-साथ परियोजना की जानकारी देने वाला सूचनात्मक बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि आम जनता को कार्य की रूपरेखा स्पष्ट रूप से दिखाई दे।

सेक्टर-92 की सर्विस रोड (Service Road) की स्थिति जांचने पर जगह-जगह क्षतिग्रस्त सड़कें सामने आईं। अशोक अरोड़ा ने तत्काल प्रभाव से मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षेत्र में स्थित कंप्लीशन मकानों की साफ-सफाई की कमी भी नजर आई, जिसे लेकर उन्होंने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के लिए कहा। विशेष रूप से मकान संख्या ए-209 पर स्थापित एक अवैध टावर को चिन्हित कर उसके खिलाफ नोटिस जारी करने और जल्द से जल्द हटाने का आदेश भी दिया गया।

सेक्टर-94 स्थित पशु आश्रय गृह (Animal Shelter) का निरीक्षण करते हुए जीएम ने वहां चल रहे मरम्मत और निर्माण कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी। उन्होंने सलाहकार कंपनी को एक सप्ताह के भीतर चार्ट व ड्राइंग (Chart and Drawing) के साथ बैठक में उपस्थित होने को कहा ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।

निरीक्षण के दौरान ग्राम शहदरा में एक खाली प्लॉट पर अवैध अतिक्रमण पाया गया। जीएम ने तुरंत अतिक्रमण हटाने और भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति न बनने देने के लिए निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई, जिसे देखते हुए उन्होंने जल निकासी के लिए स्थायी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

अशोक अरोड़ा ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट (Daily Progress Report) उन्हें नियमित रूप से सौंपी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि न केवल समयबद्ध कार्य पूरा होना चाहिए, बल्कि कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, इंजीनियर (Engineer’s) व क्षेत्रीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। यह निरीक्षण साफ संकेत देता है कि नोएडा प्राधिकरण अब निर्माण कार्यों में लापरवाही और देरी को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा, और समय पर उच्च गुणवत्ता वाले कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।