दिल्ली की ‘ड्रग क्वीन’ कुसुम पर दिल्ली पुलिस की कार्यवाही, 4 करोड़ की संपत्ति जब्त
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (20/07/2025): दिल्ली के सुल्तानपुरी (Sultanpuri) इलाके में सक्रिय कुख्यात महिला ड्रग तस्कर कुसुम पर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने बड़ी कार्रवाई की है। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 12 मामलों की जांच में जुटी पुलिस ने उसकी करीब 4 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त कर ली है। इन संपत्तियों में सुल्तानपुरी में 7 और रोहिणी सेक्टर 24 में 1 मकान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी संपत्तियां नशे के धंधे से कमाई गई रकम से खरीदी गई थीं। मार्च में कुसुम के घर पर छापेमारी के दौरान उसका बेटा अमित गिरफ्तार हुआ था और मौके से 550 पैकेट हेरोइन, ट्रामाडोल की गोलियां, 14 लाख कैश और एक स्कॉर्पियो SUV जब्त की गई थी।
जांच में सामने आया है कि कुसुम इस इलाके में ड्रग सिंडिकेट की सरगना है, जो कई जिलों में फैले नेटवर्क का संचालन करती थी। सुल्तानपुरी जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में उसने चार मकानों को जोड़कर एक आलीशान चार मंजिला इमारत बना रखी थी, जिसे बाहर से देखकर पहचानना मुश्किल था। यह ‘मिनी हवेली’ नशे के कारोबार का केंद्र बनी हुई थी, जहां नामी ड्रग सप्लायर्स का आना-जाना लगातार देखा जाता था। पुलिस ने इस अवैध निर्माण को लेकर एमसीडी को चिट्ठी लिखी है और इमारत को गिराने की मांग की है।
पुलिस को कुसुम की दो बेटियों के बैंक खातों की जांच में भी बड़े सुराग मिले हैं। डेढ़ साल में करीब 2 करोड़ रुपये इन खातों में छोटे-छोटे ट्रांजैक्शनों के जरिए जमा किए गए, जिनमें ज्यादातर रकम ₹2,000 से ₹5,000 के बीच की थी। इस साल के पहले छह महीनों में ही करीब 70 लाख रुपये खातों में डाले गए। जब पुलिस ने इन ट्रांजैक्शनों की पड़ताल की, तो बेटियां इनके स्रोत के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं। जांच एजेंसियों को शक है कि इन खातों का उपयोग मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया जा रहा था।
दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को ड्रग माफियाओं के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। डीसीपी बाहरी दिल्ली सचिन शर्मा ने पुष्टि की है कि कुसुम की 4 करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई के बाद सुल्तानपुरी क्षेत्र में ड्रग सप्लाई की कमर टूट गई है। हालांकि, कुसुम अब भी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
सुल्तानपुरी की गलियों में ‘ड्रग क्वीन’ के नाम से कुख्यात कुसुम अब दिल्ली पुलिस के रडार पर है। उसकी गिरफ्तारी के साथ-साथ मनी ट्रेल और सहयोगियों की भूमिका की जांच तेज़ कर दी गई है। पुलिस को शक है कि उसका नेटवर्क दिल्ली से बाहर के राज्यों तक फैला हो सकता है। कुसुम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन अन्य नामों तक पहुंचना चाहती है, जो इस रैकेट का हिस्सा हैं। अब यह मामला सिर्फ एक महिला तस्कर का नहीं, बल्कि पूरे ड्रग सिंडिकेट को ध्वस्त करने की दिशा में एक निर्णायक कदम बनता जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News
टिप्पणियाँ बंद हैं।