New Delhi News (20/07/2025): उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 19 जुलाई 2025 को उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में भारतीय रक्षा संपदा सेवा (IDES) के 2024 बैच के अधिकारी प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए देश में बढ़ते कोचिंग सेंटरों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि “कौशल के लिए कोचिंग जरूरी है, आत्मनिर्भरता के लिए भी कोचिंग की जरूरत है, लेकिन यह शिक्षा का अभिन्न हिस्सा नहीं बननी चाहिए। सीमित सीटों के लिए देशभर में कोचिंग संस्थान अखबारों में पन्नों के पन्ने भरकर विज्ञापन दे रहे हैं। लड़के-लड़कियों की तस्वीरें लगाकर यह दिखावा किया जा रहा है। यह भारत की शिक्षा संस्कृति नहीं है। हमें गुरुकुल की भावना को जीवित रखना होगा।”
उपराष्ट्रपति ने इस परिपाटी को “व्यवसायीकरण और वस्तुकरण” करार देते हुए कहा कि कोचिंग सेंटर्स को शिक्षा का विकल्प बनाना खतरनाक है। “हम युवाओं को सोचने की क्षमता देना चाहते हैं, सिर्फ रटना और पास होना पर्याप्त नहीं है। सोचने वाले मस्तिष्क ही विकसित भारत का निर्माण करेंगे।”
‘विकसित भारत’ की अवधारणा पर उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल अर्थव्यवस्था का विस्तार नहीं, बल्कि लोगों का समग्र विकास है। विकसित भारत अब केवल एक सपना नहीं, बल्कि हमारी दिशा और संकल्प बन चुका है। पिछले 10 वर्षों में हुए ऐतिहासिक बदलावों ने आम लोगों को भी विकास का स्वाद चखा दिया है। जो हमारी पीढ़ी ने कभी नहीं सोचा था – घर में शौचालय, गैस कनेक्शन, इंटरनेट, पाइप से जल, नज़दीक की सड़कें, और विश्वस्तरीय ट्रेनें – आज की पीढ़ी के लिए ये वास्तविकता बन गई है। यही कारण है कि आज भारत दुनिया का सबसे आकांक्षी राष्ट्र बन चुका है।”
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाते हुए एकीकृत मंच बनाया जाए, जिससे आम लोगों का समय और पैसा दोनों बचाया जा सके और जनता का सरकार में विश्वास और मज़बूत हो।
इस कार्यक्रम में भारत सरकार के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, रक्षा संपदा महानिदेशक एस.एन. गुप्ता, एनआईडीईएम के निदेशक श्री संजीव कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।