नोएडा महाकौथिग 2024: तीसरे दिन कीर्तन प्रतियोगिता और लोक गायकों की प्रस्तुति से सजी उत्तराखंडी संस्कृति
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (23 दिसंबर 2024): नोएडा स्टेडियम में चल रहे 14वें महाकौथिग मेले के तीसरे दिन का शुभारंभ गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दिन का मुख्य आकर्षण कीर्तन मंडली प्रतियोगिता रही, जिसमें प्रवासी उत्तराखंड की 13 महिला कीर्तन मंडलियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में मयूर विहार फेज-3 की “माँ नंदा कीर्तन मंडली” ने बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, इंदिरापुरम की सुनीता ध्यानी कीर्तन मंडली दूसरे और वैशाली सेक्टर-2 की माँ दुर्गा कीर्तन मंडली तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में जय दुर्गा कीर्तन मंडली (सेक्टर-34, नोएडा), शिव शक्ति कीर्तन मंडली (सेक्टर-22, नोएडा), गढ़वाल कुमाऊं दुर्गा मंडली (खोड़ा कॉलोनी), और नर विहार-2 कीर्तन मंडली समेत कई अन्य मंडलियों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीता।

शाम के सत्र में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक इंदर आर्य ने अपनी मधुर आवाज में पहाड़ी लोकगीतों की प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके साथ लोकगायिका माया उपाध्याय और लोक गायक मृणाल रतूड़ी ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इन कलाकारों की ऊर्जा और गीतों की मधुरता ने हजारों दर्शकों का दिल जीत लिया।
महाकौथिग के सफल आयोजन में मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान और संस्थापक कल्पना चौहान के साथ अध्यक्ष आदित्य घिल्डियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश असवाल और महासचिव लक्ष्मण सिंह रावत का विशेष योगदान रहा। अन्य प्रमुख आयोजकों में इंद्रा चौधरी, नरेंद्र सिंह बिष्ट, उपेंद्र पोखरियाल, जगत सिंह रावत, पी.एन. शर्मा, और विनोद कबटियाल शामिल थे।

तीसरे दिन हजारों की संख्या में दर्शकों ने मेले का आनंद लिया। उत्तराखंडी व्यंजनों और उत्पादों के स्टॉल्स पर भारी भीड़ देखी गई। पारंपरिक भोजन, हस्तशिल्प और स्थानीय वस्त्रों की प्रदर्शनी ने मेले को और भी आकर्षक बना दिया।
महाकौथिग मेला उत्तराखंड की संस्कृति, लोककला और परंपराओं को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच है। यह न केवल प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनता है, बल्कि अन्य समुदायों को भी इस समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराता है। तीसरे दिन की भव्यता ने इसे उत्तराखंड की जीवंत संस्कृति के उत्सव में बदल दिया। मेला 24 दिसंबर को भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विविध गतिविधियों के साथ जारी रहेगा।
Noida में 14वें उत्तराखंड महाकौथिग में उमड़ा जनसैलाब, उत्तराखंड संस्कृति की छटा | Photo Highlights
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।