ग्रेटर नोएडा में क्रिसमस रैली: प्रेम, भाईचारे और शांति का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (23 दिसंबर 2024): हर साल की तरह इस बार भी ग्रेटर नोएडा में क्रिसमस का त्योहार उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। 22 दिसंबर 2024 को शहर में भव्य क्रिसमस रैली का आयोजन किया गया, जिसमें प्रभु येशु मसीह के प्रेम, शांति, और भाईचारे का संदेश दिया गया। यह रैली सेंट जोसेफ स्कूल से शुरू होकर शहर के प्रमुख इलाकों से होती हुई संपन्न हुई।

प्रभु येशु के प्रेम का संदेश

रैली में बच्चों ने येशु के जन्मोत्सव की झांकी प्रस्तुत की, जो मानवता के प्रति प्रभु येशु के बलिदान और प्रेम को दर्शाती थी। रैली में सांता क्लॉज की मौजूदगी और क्रिसमस गीतों ने पूरे माहौल को हर्ष और उल्लास से भर दिया। स्थानीय निवासियों ने रैली का स्वागत गर्मजोशी से किया और हाथ हिलाकर अपने स्नेह का इज़हार किया।

फादर एंड्रयू कोरेया का संदेश

रैली के दौरान ग्रेटर नोएडा के पेरिस प्रीस्ट, फादर एंड्रयू कोरेया ने क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “प्रभु येशु मसीह का जन्म शांति, सेवा, और परोपकार का संदेश देता है। यह त्यौहार हमें सिखाता है कि हम अपने जीवन में प्रेम और दया को प्राथमिकता दें।”

उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर की रात को ‘मास पूजा’ और 25 दिसंबर की सुबह विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस क्रिसमस, जरूरतमंदों और युद्धग्रस्त देशों के लिए प्रार्थना करें।

स्कूलों और बच्चों की उत्साहजनक भागीदारी

इस आयोजन में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों ने सांता क्लॉज और परी की वेशभूषा पहनकर रैली में विशेष आकर्षण जोड़ा। गाड़ियों को रंग-बिरंगे गुब्बारों और सजावटी सामग्री से सजाया गया, और साउंड सिस्टम के जरिए क्रिसमस गीतों ने माहौल को और अधिक उल्लासमय बना दिया।

उर्सुलिन कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल, सिस्टर रेखा ने कहा,
“क्रिसमस का त्यौहार हमें प्रेम, सेवा, और उम्मीद का संदेश देता है। हमारे स्कूल के बच्चों ने गरीबों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए कई गतिविधियां की हैं, जिससे उन्हें सेवा का महत्व समझने का अवसर मिला।” बच्चों ने लेप्रसी रोगियों के लिए कंबल और जरूरतमंद परिवारों के लिए राशन इकट्ठा किया।

समाज में प्रेम और शांति का संदेश

रैली का उद्देश्य केवल त्योहार मनाना नहीं था, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे, और शांति का संदेश देना था। सिस्टर रेखा ने कहा, “आज के समय में चुनौतियां और समस्याएं जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन हमें आशा का दामन थामे रखना चाहिए। ईश्वर हमारे साथ हैं और हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।”

उत्सव ने पेश किया एकता का उदाहरण

इस भव्य आयोजन ने ग्रेटर नोएडा में एकता और प्रेम का अनूठा उदाहरण पेश किया। सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर इस त्यौहार को मनाया और प्रभु येशु के सच्चे संदेश को आत्मसात किया।

क्रिसमस केवल ईसाई समुदाय का नहीं, बल्कि पूरे समाज का त्योहार है। यह हमें सिखाता है कि प्रेम, दया, और सेवा के मार्ग पर चलकर हम अपने जीवन को सार्थक बना सकते हैं।।

Christmas Carnival 2024 Procession | St. Joseph’s Church Celebration | Greater NOIDA | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।