New Delhi News (19/07/2025): देशभर में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने टेक दिग्गज कंपनियों गूगल (Google) और मेटा (Meta) को नोटिस जारी किया है। ईडी का आरोप है कि इन दोनों कंपनियों ने सट्टेबाजी से जुड़े ऐप्स के विज्ञापनों को अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर प्रमुखता से दिखाया, जिससे ऐसे गैरकानूनी प्लेटफॉर्म्स को आम लोगों तक पहुंचने में मदद मिली। इस मामले में अब दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों को 21 जुलाई को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
ईडी की टीम जानना चाहती है कि आखिर किन नीतियों और प्रक्रियाओं के तहत इस तरह के सट्टेबाजी विज्ञापन प्रसारित किए गए और क्या इन विज्ञापनों से कोई आर्थिक लाभ भी मिला। एजेंसी का मानना है कि इस प्रचार से करोड़ों रुपये की अवैध कमाई हुई है।
देशभर में ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क को तोड़ने के लिए ईडी लगातार छापेमारी कर रही है। हाल ही में तेलंगाना में 29 फिल्मी हस्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जिनमें विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती और प्रकाश राज जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इसके अलावा 15 जुलाई को मुंबई में की गई कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने तीन करोड़ रुपये नकद, कई महंगी गाड़ियां और लग्जरी घड़ियां जब्त कीं।
ईडी अब उन पीड़ितों की तलाश भी कर रही है, जिन्हें इन सट्टेबाजी ऐप्स के जरिए ठगा गया है। आने वाले दिनों में गूगल और मेटा के प्रतिनिधियों के बयान दर्ज किए जा सकते हैं। यह कार्रवाई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के दुरुपयोग को रोकने और ऑनलाइन सट्टेबाजी पर लगाम कसने की दिशा में एक अहम और निर्णायक कदम मानी जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।