शाहदरा में कांवड़ यात्रा मार्ग पर टूटे कांच बिखेरने की साजिश? भाजपा विधायक ने किस पर जताया शक
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (13/07/2025): दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर शनिवार रात एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जब करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर टूटे हुए कांच के टुकड़े बिखरे पाए गए। यह मार्ग शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा के लिए निर्धारित किया गया है। स्थानीय भाजपा विधायक संजय गोयल (Sanjay Goyal) ने मौके पर पहुंचकर इसे एक सुनियोजित साजिश करार दिया और आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
विधायक संजय गोयल ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सड़क पर बिखरे कांच के टुकड़े इकट्ठा करते नजर आए। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ( CM Rekha Gupta) और मंत्री कपिल मिश्रा (Minister Kapil Mishra) कांवड़ यात्रा के लिए फूल बरसाने जैसी तैयारियां कर रहे हैं, वहीं कुछ असामाजिक ताकतें इस धार्मिक आयोजन में विघ्न डालना चाहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली व्यवस्था को असफल साबित करने की कोशिश है।
गंभीर आरोपों के बीच दिल्ली सरकार सक्रिय हो गई है। कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पर बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं मामले का संज्ञान लिया है और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर सड़क को पूरी तरह साफ करने में जुटे हैं और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जा रही है।
मंत्री कपिल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि सरकार कांवड़ यात्रा में किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं आने देगी और शिवभक्तों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी व्यक्ति या समूह इस तरह की हरकतों में शामिल हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि शिवभक्तों की आस्था के इस पर्व में कोई रुकावट न आए।
पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ प्रशासनिक सतर्कता को बढ़ा दिया है, बल्कि राजनीतिक हलचल भी तेज कर दी है। भाजपा नेताओं ने इसे विपक्ष द्वारा प्रायोजित साजिश करार दिया है, जबकि आमजन इस पर हैरानी जता रहे हैं कि धार्मिक यात्राओं को भी अब विघ्न डालने का माध्यम बनाया जा रहा है। प्रशासन की तत्परता से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना ने कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।