उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर क्या बोले वर्तमान मुख्यमंत्री?
टेन न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ (01 जुलाई 2025): उत्तर प्रदेश की सियासत में जहां अक्सर तल्ख बयानबाज़ी देखने को मिलती है, वहीं आज एक शिष्टाचार भरी सकारात्मक झलक सामने आई। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।” इस बधाई संदेश को लेकर राजनीतिक हलकों में सौहार्दपूर्ण माहौल की चर्चा शुरू हो गई।
वहीं, अखिलेश यादव ने भी शिष्टाचार का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया। उन्होंने रिप्लाई करते हुए लिखा, “आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।”
गौरतलब है कि अखिलेश यादव आज, 1 जुलाई को अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। पढ़ाई में शुरू से ही रुचि रखने वाले अखिलेश यादव ने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी यूनिवर्सिटी से पर्यावरण इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की। इसके बाद वे राजनीति में सक्रिय हुए और वर्ष 2000 में पहली बार कन्नौज लोकसभा सीट से सांसद निर्वाचित हुए।
अखिलेश यादव ने 2012 में उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री के तौर पर पदभार संभाला और 2017 तक उन्होंने राज्य की बागडोर संभाली। मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद वे लगातार पार्टी के संगठनात्मक कामों में सक्रिय रहे। वर्तमान में वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद हैं।
राजनीतिक मतभेदों के बावजूद इस प्रकार की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान राजनीतिक मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश की जनता के बीच यह शिष्टाचार की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।