नई दिल्ली (29 जून 2025): दिल्ली की राजनीति में रविवार को नया मोड़ आ गया जब झुग्गियों पर बुलडोजर चलाए जाने के खिलाफ जंतर मंतर पर आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस पार्टी ने न केवल भाजपा, बल्कि आप पर भी एक साथ तीखा हमला बोल दिया। जहां अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जमकर निशाना साधा, वहीं अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आप के मुखिया केजरीवाल से दस सीधे सवाल पूछकर पूरी सियासत को गरमा दिया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केजरीवाल खुद भी झुग्गीवासियों के साथ विश्वासघात के अपराधी हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सवालों की पहली कड़ी में पूछा कि—
1. क्या यह सच नहीं है कि 8 अप्रैल 2021 को मुख्यमंत्री के तौर पर केजरीवाल ने बैठक कर मोदी सरकार की ‘झुग्गी हटाओ योजना’ को मंज़ूरी दी थी?
2. क्या यह सच नहीं है कि तत्कालीन मंत्री सत्येन्द्र जैन ने 15 सितंबर 2021 की प्रेस वार्ता में ‘जहाँ झुग्गी, वहीं मकान’ योजना को बंद करने की घोषणा की थी, जब दिल्ली में आप सरकार थी?
3. क्या केजरीवाल ने झुग्गीवासियों से वोट लेकर अपना ‘शीशमहल’ बनवाया और उनके दर्द-दुख से दूरी बना ली?
4. तीन बार मुख्यमंत्री बनने के बावजूद क्या यह सच नहीं कि झुग्गी टूटने के बाद भी केजरीवाल एक बार भी मौके पर नहीं पहुंचे?
5. क्या केजरीवाल सरकार ने कांग्रेस की राजीव रत्न आवास योजना के तहत बने 45,857 फ्लैट्स को केवल राजनीतिक कारणों से खंडहर में बदलने दिया?
6. क्या यह सच नहीं है कि केजरीवाल सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में झुग्गीवासियों के लिए एक भी नया फ्लैट नहीं बनवाया?
7. क्या यह भी सच नहीं कि अदालत में हुई सुनवाइयों के दौरान केजरीवाल सरकार ने हलफनामा देकर कहा कि झुग्गी टूटने की स्थिति में वह मकान नहीं देगी?
8. जब कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट तक जाकर झुग्गीवासियों की लड़ाई लड़ रही थी, तो आम आदमी पार्टी के किसी नेता ने कोई पहल क्यों नहीं की?
9. दिल्ली विधानसभा में हर मुद्दे पर प्रस्ताव लाने वाली केजरीवाल सरकार ने झुग्गियों को बचाने पर कोई प्रस्ताव क्यों नहीं लाया?
10. झुग्गीवासियों का जीवन नरक बनाने के लिए केजरीवाल कब सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगे, और घड़ियाली आंसू बहाने की जगह सच्चा प्रायश्चित कब करेंगे?
अब देखना होगा कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस के इन सवालों का क्या जवाब देती है? यह भी देखने को मिल सकता है कि कांग्रेस पार्टी पर आम आदमी पार्टी उल्टे हमलावर भी हो सकती है। हालांकि धरना प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर हमला बोला था लेकिन इन सवालों के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने सीधे-सीधे सवाल अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से किया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।