यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बड़े स्तर पर अवैध मिट्टी खनन का भंडाफोड़
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (29 जून 2025): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर 22E में अवैध खनन का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक विशेष कुमार की शिकायत पर पुलिस ने रौनिजा गांव निवासी मुकेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यमुना प्राधिकरण सेक्टर 22E में आवंटित किए गए भूखंडों का विकास कार्य करवा रहा है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए प्राधिकरण द्वारा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। हाल ही में एक सुरक्षाकर्मी ने खसरा संख्या 296 में संदिग्ध गतिविधि की सूचना दी थी।
सूचना मिलते ही प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि एक जेसीबी मशीन (JCB Machine) और लगभग 15 ट्रैक्टर-ट्रॉली (Tractor-Trolley) के माध्यम से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। जांच में यह सामने आया कि जिस स्थल से खनन हो रहा था, वहां विभाग ने केवल 100 घन मीटर मिट्टी निकालने की अनुमति दी थी, लेकिन मौके पर इससे कई गुना अधिक मिट्टी का अवैध तरीके से उत्खनन किया गया।
इतना ही नहीं, खसरा संख्या 81 में भी बड़े पैमाने पर अवैध खनन किए जाने की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार इस खनन से लाखों रुपये मूल्य की मिट्टी निकाली जा चुकी है, जिससे न सिर्फ सरकारी राजस्व का नुकसान हुआ है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंची है।
सहायक प्रबंधक विशेष कुमार ने बताया कि इस विषय में पहले भी कई बार पुलिस से अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब एक बार फिर इस मामले में सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
थाना क्षेत्र के पुलिस द्वारा बताया गया है, कि मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। खनन माफिया की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही मौके से बरामद जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की जांच भी की जा रही है।
यमुना प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि किसी भी सूरत में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब संबंधित भूखंडों की निगरानी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। यह मामला क्षेत्र में अवैध खनन माफिया के बढ़ते हौसलों की ओर इशारा करता है। प्रशासन को अब इस दिशा में और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।