दनकौर हत्याकांड के आखिरी आरोपी को भी पुलिस ने दबोचा

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (29 जून 2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर (Dankaur) थाना क्षेत्र में डेढ़ महीने पहले हुए युवक विशाल की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस हत्याकांड में फरार चल रहे अंतिम आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी अरुण उर्फ अन्नू अच्छेजा गांव का निवासी है।

घटना 12 मई की है जब 23 वर्षीय विशाल अपने घर से फल खरीदने के लिए बाजार गया था। इसी दौरान बाइक पर सवार बदमाशों ने उस पर अचानक फायरिंग (Firing) कर दी। गोली लगने से विशाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद मृतक के पिता विजय पाल ने दनकौर थाने में चार नामजद और कुछ अज्ञात हमलावरों (Unknown Attacker) के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तफ्तीश तेज कर दी थी।

जांच में सामने आया कि विशाल खुद भी एक हत्या के मामले में आरोपी था। पुलिस के अनुसार, इसी पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या की गई। अब तक इस हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।

कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि शनिवार को पुलिस ने इस केस के छठे और आखिरी आरोपी अरुण उर्फ अन्नू को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अब इस मामले में सभी आरोपी पकड़ लिए गए हैं और केस की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दावा किया है कि हत्याकांड की गुत्थी पूरी तरह सुलझा ली गई है, और अब आरोपियों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।