नई दिल्ली (29 जून 2025): राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में शनिवार दोपहर को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत दी। मौसम विभाग ने रविवार को भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है, जिसके लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
शनिवार को बारिश के कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की दिल्ली में आमद में थोड़ी देरी जरूर हुई, लेकिन 28 जून को जमकर बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। सात दिन की मौसम रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले सप्ताह में भी रुक-रुक कर बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में स्थिरता बनी रह सकती है और उमस में कमी आने की उम्मीद है।
बारिश का असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर भी साफ दिखा। शनिवार को हुई बरसात के चलते एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में व्यापक सुधार हुआ और अधिकांश इलाकों में एक्यूआई 100 से नीचे यानी ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज किया गया। पूसा में 76, शादीपुर में 68, पंजाबी बाग में 74, चांदनी चौक में 80 और लोदी रोड में 85 जैसे आंकड़े दर्ज किए गए। हालांकि मुंडका (129) और एनएसआईटी द्वारका (121) जैसे कुछ क्षेत्रों में AQI ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो अगले कुछ दिनों में वायु गुणवत्ता और बेहतर हो सकती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।