नोएडा से लापता हुई सात वर्षीय बच्ची को पुलिस ने किया बरामद, परिजनों ने जताया आभार
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (25 जून 2025): थाना फेस-2 क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में मंगलवार को सात साल की मासूम बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घर के बाहर खेल रही बच्ची के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए थाना पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक विशेष टीम गठित की और महज छह घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।
बच्ची को सकुशल देखकर परिवारवालों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की। परिजनों ने कहा कि अगर समय पर पुलिस सहायता नहीं मिलती, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को एक व्यक्ति थाने पहुंचा और बताया कि उसकी सात साल की बेटी दोपहर से लापता है। परिजन पहले खुद स्तर पर तलाश करते रहे, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस की शरण ली। सूचना मिलते ही बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम का गठन किया गया।
बच्ची की खोजबीन के लिए पुलिस टीम ने सबसे पहले गांव और आस-पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज की बारीकी से जांच के बाद बच्ची को आखिरी बार किस दिशा में जाते हुए देखा गया, इसका पता चला। इसी दिशा में आगे सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
करीब छह घंटे की मेहनत के बाद पुलिस टीम ने बच्ची को गांव से कुछ दूरी पर सुरक्षित पाया। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि वह खेलते-खेलते घर से दूर निकल गई थी और रास्ता भूल जाने के कारण वापस नहीं आ सकी।पुलिस ने बच्ची को उसके परिजनों के हवाले कर दिया। बच्ची को देखते ही मां-बाप की आंखें भर आईं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजन बेहद खुश नजर आए और उन्होंने पुलिस विभाग का तहेदिल से धन्यवाद किया। बच्चों की सुरक्षा को लेकर समाज को भी जागरूक रहना होगा और ऐसे मामलों में समय पर सूचना देना बेहद जरूरी है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।