GLA यूनिवर्सिटी के निर्माण स्थल पर दो मजदूरों के बीच झगड़े में एक की मौत, आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (23 जून 2025): थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के अंतर्गत स्थित एक निर्माणाधीन निजी विश्वविद्यालय (G.L.A University), नॉलेज पार्क-2 में सोमवार रात को दो मजदूरों के बीच आपसी विवाद के चलते हुई मारपीट में एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और घटना की जांच जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गोलू कुमार (उम्र लगभग 30 वर्ष), पुत्र जयलाल साहनी, निवासी ग्राम नीरपुर, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी में रहकर निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर थाना नॉलेज पार्क पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में गोलू कुमार को इलाज हेतु पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों (Doctors) ने उसे मृत (Dead)घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय मृतक और आरोपी हरिमोहन दोनों ने शराब का सेवन किया हुआ था। शराब के नशे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। झगड़े के दौरान हरिमोहन ने पास में रखी ईंट से गोलू के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुधीर कुमार,ADCP, ग्रेटर नोएडा ने बताया कि पुलिस द्वारा मौके से आरोपी हरिमोहन को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय और कौन-कौन मौके पर मौजूद था। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और श्रमिकों की देखरेख को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया जा सकता है। यह घटना न केवल एक दुर्भाग्यपूर्ण आपसी झगड़े को दर्शाती है, बल्कि निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा और निगरानी की स्थिति पर भी सवाल उठाती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।