सेक्टर-142 मेट्रो: फुटओवर ब्रिज की लिफ्ट में फंसे 6 यात्री, तकनीकी खराबी से मचा हड़कंप
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (21 जून 2025): शुक्रवार को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्थित सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन के सामने बने फुटओवर ब्रिज (Footover Bridge) की लिफ्ट में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण छह यात्री करीब 45 मिनट तक फंसे रहे। राहत की बात यह रही कि समय पर पुलिस और स्थानीय तकनीशियन की मदद (Technical Help) से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही 112 कंट्रोल रूम ने तत्काल सेक्टर-142 थाने को अलर्ट (Alert) किया। पुलिस टीम मौके पर तेजी से पहुंची और स्थिति का जायज़ा लिया। लिफ्ट में तकनीकी समस्या आने के कारण दरवाजे बंद हो गए थे, जिससे अंदर फंसे यात्री घबरा गए। पुलिस ने स्थानीय तकनीशियन की सहायता ली, जिन्होंने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाज़ा खोल दिया और सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला।
लिफ्ट में फंसे यात्रियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
धर्मपाल (60 वर्ष), निवासी अमरोहा
अरविंद सिंह (33 वर्ष), निवासी मुरादाबाद
विकास (35 वर्ष), निवासी गाजियाबाद
बेनाम बादशाह (31 वर्ष), निवासी अलीगढ़
विशाल मलिक (44 वर्ष), निवासी बुलंदशहर
आकाश (20 वर्ष), निवासी नोएडा
सभी यात्रियों ने पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने बताया कि अगर समय रहते राहत कार्य शुरू नहीं होता, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। यह फुटओवर ब्रिज नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे (Noida-Greater Noida Expressway) पर बना है, जो क्षेत्र में भारी यातायात और पैदल यात्रियों की सुविधाओं के लिए अहम भूमिका निभाता है।
पुलिस ने मामले की सूचना नोएडा प्राधिकरण को दे दी है और लिफ्ट के रख-रखाव को लेकर लापरवाही की जांच की जा रही है। तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह घटना कई सवाल भी खड़े करती है – क्या फुटओवर ब्रिज पर लगी लिफ्टों की समय-समय पर जांच हो रही है? क्या इनका रख-रखाव मानकों के अनुरूप हो रहा है? यात्रियों की सुरक्षा को लेकर ऐसे उपकरणों की निगरानी आवश्यक है। प्रशासन से यह अपेक्षा की जा रही है कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।