Noida Authority का एक्शन: गंदगी-अतिक्रमण पर चला बुलडोज़र, 5 लाख तक का जुर्माना
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (19 जून, 2025): नोएडा में शहरी अव्यवस्था और गंदगी को लेकर नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम (CEO Lokesh M) ने 19 जून को औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, सर्विस रोड, मेट्रो स्टेशन और रिहायशी इलाकों की हकीकत सामने आई। निरीक्षण के दौरान जन स्वास्थ्य और परियोजना विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सीईओ ने एक-एक स्थान पर जाकर खुद हालात देखे और गंदगी, जलभराव, टूटी सड़कें, अवैध अतिक्रमण और ट्रैफिक अराजकता पर नाराज़गी जाहिर की।
ब्रह्मपुत्र मार्केट के बाहर साइकिल स्टैंड पर बदहाल स्थिति और गंदगी मिलने पर साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। हरिजन बस्ती सेक्टर-36 के पास ग्रीन बेल्ट टूटी मिली और पेड़ कटे पड़े पाए गए। सीईओ ने ग्रीन बेल्ट की दीवार ठीक कराने और नए पेड़ लगाने के निर्देश जारी किए। सेक्टर-32 में लॉजिक्स मॉल के पास टूटी सड़क और खुली सीवर लाइन देखी गई, जिस पर मरम्मत के आदेश दिए गए। सेक्टर-34 स्थित सुरभि हॉस्पिटल के पास जलभराव और कूड़े का ढेर मिलने पर जिम्मेदार एजेंसी को तत्काल सफाई के लिए चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के दौरान सबसे ज्यादा गंभीर स्थिति सेक्टर-35 मोरना, एम्फीथ्री-3 मार्ग और होशियारपुर गांव में देखी गई, जहां सड़कों पर भारी गंदगी, ट्रांसफॉर्मर के नीचे जलभराव और खुले में कूड़े के ढेर जमा थे। एम्फीथ्री-3 मार्ग पर ग्राम निजौड़ के पास कार दुकानदारों द्वारा सड़क पर कब्जा कर लिया गया था, जिसे तुरंत हटाने के आदेश दिए गए। सर्विस रोड को आमजन के लिए फ्री कराने की बात भी कही गई।
सेक्टर-34 मेट्रो स्टेशन के पास फुटपाथ और स्टोन पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किया गया था, जिसे हटाने और भविष्य में दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए सुरक्षा दीवार बनाने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण में सामने आया कि सेक्टर-39, बोटैनिकल गार्डन, होशियारपुर की सड़कों पर गंदगी के ढेर पड़े थे और कहीं-कहीं मिट्टी जमा थी। इन स्थानों पर समय से झाड़ू नहीं लगने के कारण लापरवाही पाई गई।
सीईओ ने एमएस लॉन्ग सर्विसेज प्रा. लि. और अन्य एजेंसियों पर सख्त रुख अपनाते हुए ₹5 लाख तक का जुर्माना लगाने और ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन एजेंसियों ने शहर की सफाई और रखरखाव में लापरवाही बरती है, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। डीपीक्लीनिंग, सीवर सफाई, अतिक्रमण हटाने और ग्रीन बेल्ट पुनःस्थापन के निर्देश अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं।
इस निरीक्षण से साफ है कि अब नोएडा प्राधिकरण की नजर हर गली और सड़क पर है। यह कार्रवाई केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक स्पष्ट संदेश है कि शहर की सफाई, सुगम यातायात और हरियाली में लापरवाही अब नहीं चलेगी। शहरवासियों को उम्मीद है कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं, बल्कि नियमित रूप से चलता रहेगा और नोएडा वास्तव में एक स्मार्ट व क्लीन सिटी के रूप में उभरेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।