मौलाना तौकीर रज़ा के ‘विवादित’ बयान पर गौरक्षा हिंदू दल का विरोध

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (18 जून 2025): गौरक्षा हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद नागर ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार को बादलपुर थाना पहुंचकर बरेली के मौलाना तौकीर रज़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वेद नागर ने आरोप लगाया कि मौलाना तौकीर ने अपने एक सार्वजनिक बयान में गौरक्षकों और हिंदू संगठनों को “आतंकवादी संगठन” बताया, जो न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि इससे देश में सांप्रदायिक तनाव भी उत्पन्न हो सकता है।

शिकायत में कहा गया है कि मौलाना के इस बयान से हिंदू संगठनों की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जो राष्ट्रहित में कार्य कर रहे हैं। वेद नागर ने कहा, हिंदू संगठन सदैव देश की एकता और अखंडता के रक्षक रहे हैं। ऐसे राष्ट्रवादी संगठनों को आतंकवादी कहना सीधे तौर पर देशद्रोह के बराबर है।

वेद नागर ने यह भी आरोप लगाया कि मौलाना तौकीर रज़ा लगातार राष्ट्रभक्त संगठनों को गद्दार और देशविरोधी बताकर समाज में विद्वेष फैला रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मौलाना के खिलाफ तत्काल प्रभाव से आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो गौरक्षा हिंदू दल आंदोलन की राह अपनाएगा और विरोध प्रदर्शन की रणनीति तैयार की जाएगी।

शिकायत दर्ज कराने के दौरान गौरक्षा हिंदू दल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इनमें नरेंद्र नागर, अशोक भाटी, जय चौधरी, विजय सरदार, सचिन शर्मा, विजय कुमार योगी, पंडित भूरा त्यागी और बंटी भाटी प्रमुख रूप से शामिल थे।

पुलिस प्रशासन ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। वहीं, राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर इस बयान को लेकर बहस तेज हो गई है। विभिन्न संगठनों ने मौलाना के बयान की निंदा की है और इसे समाज को बांटने वाला बताया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और मौलाना तौकीर रज़ा की ओर से इस विवाद पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।