नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्टंट बना मुसीबत, 54 हजार का जुर्माना

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (16 जून 2025): सोशल मीडिया पर लाइक्स और वायरल होने की चाहत एक प्रेमी जोड़े को भारी पड़ गई, जब नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्टंट करते हुए उनका वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में युवक बिना हेलमेट बाइक चला रहा है और युवती बाइक की टंकी पर बैठकर उसे सामने से गले लगाए हुए है। यह वीडियो 15 जून, रविवार को सोशल मीडिया पर सामने आया और कुछ ही घंटों में तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने संज्ञान लेते हुए युवक पर 54,000 रुपये का चालान ठोंक दिया।

ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक युवक ने कई गंभीर नियमों का उल्लंघन किया, जिसमें बिना हेलमेट वाहन चलाना, युवती को असुरक्षित स्थिति में बैठाना, एक्सप्रेसवे पर स्टंट करना और अन्य यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालना शामिल है। इन सभी कारणों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यह भारी-भरकम चालान जारी किया है। पुलिस अब वीडियो में नजर आ रहे युवक और युवती की पहचान करने की प्रक्रिया में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक्सप्रेसवे पर पीछे चल रही एक कार सवार ने रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर लिया गया। वीडियो में नजर आ रही लापरवाही न केवल स्टंट करने वाले कपल के लिए खतरनाक थी, बल्कि एक्सप्रेसवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की जान को भी जोखिम में डाल रही थी।

गौतम बुद्ध नगर के ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त लखन सिंह ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यह घटना गंभीर यातायात उल्लंघन का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे पर इस तरह की हरकतें पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ न करें और सभी नागरिक ट्रैफिक नियमों का ईमानदारी से पालन करें।

लखन सिंह ने यह भी चेताया कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की कोशिश में स्टंट करना लोगों की जान जोखिम में डाल सकता है और कानून का उल्लंघन करने पर भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने इस मामले के जरिए यह स्पष्ट संदेश दिया है कि नियम तोड़ने वालों पर अब कोई रियायत नहीं बरती जाएगी और सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।