नोएडा में जर्जर ग्रुप हाउसिंग और श्रमिक कुंज की बदलेगी सूरत | नोएडा प्राधिकरण
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (15 जून 2025): शहर की पुरानी और जर्जर हो चुकी बहुमंजिला ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों और श्रमिक कुंज अपार्टमेंट्स (Sharmik Kunj Apartment) की हालत अब बदलेगी। नोएडा प्राधिकरण ने इन इमारतों के पुनर्विकास के लिए एक नई नीति तैयार करने को लेकर सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। यह निर्णय प्राधिकरण की 118वीं बोर्ड बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने की।
पुरानी इमारतों के पुनर्विकास की बनेगी पॉलिसी
नोएडा में 1980 से लेकर 2000 के बीच प्राधिकरण द्वारा बनाई गई कई कोऑपरेटिव सोसायटी और कर्मचारियों के लिए बनाए गए लो-राइज़ फ्लैट्स अब खस्ताहाल हो चुके हैं। इन भवनों के पुनर्विकास की आवश्यकता को देखते हुए अब एक समर्पित नीति लाई जाएगी। इस नीति में डेवलपर की नियुक्ति (Appointment) , पुनर्विकास की प्रक्रिया (Redevelopment) , निर्माण मानदंड (Construction Standards) , पुनर्स्थापन (Restoration) , पेनाल्टी (Penalty) और अन्य तकनीकी पहलुओं को शामिल किया जाएगा।
प्राधिकरण प्रत्येक परियोजना की स्थिति के अनुसार ‘केस टू केस’ (Case to Case) स्टडी करेगा, ताकि स्थान और आवश्यकता के अनुसार रिडेवलपमेंट कराया जा सके। यह निर्णय विशेष रूप से महत्वपूर्ण इसलिए माना जा रहा है क्योंकि हाल ही में नोएडा प्राधिकरण के CEO लोकेश एम ने श्रमिक कुंज का निरीक्षण किया था, जहां फ्लैटों की स्थिति बेहद खराब पाई गई थी।
बोर्ड बैठक में लिए गए अन्य अहम निर्णय
3125 फ्लैट खरीदारों को मिली रजिस्ट्री
बैठक की शुरुआत अमिताभ कांत (Amitabh Kant) की सिफारिशों के तहत बनाई गई योजना की समीक्षा से हुई। यह योजना लंबे समय से लंबित बिल्डर परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। बैठक में बताया गया कि 57 में से 34 परियोजनाएं इस योजना का लाभ ले चुकी हैं, और उन्होंने कुल 518 करोड़ रुपये (कुल 25% बकाया) जमा कर दिए हैं। इसके अतिरिक्त 13 परियोजनाओं ने आंशिक रूप से 25.45 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। अब तक कुल 543.45 करोड़ रुपये जमा हुए हैं, जिससे 4777 रजिस्ट्रियां संभव हुईं, जिनमें से 3125 फ्लैटों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है।
स्टाल्ड प्रोजेक्ट्स को मिलेगा को-डेवलपर
बोर्ड ने क्लाउड 9 प्रोजेक्ट (सेक्टर-100, जीएच-02) को भी लेगेसी स्टाल्ड परियोजनाओं की श्रेणी में शामिल किया है। साथ ही सेक्टर-118 के जीए-01, सेक्टर-74 के जीएच-01 और सेक्टर-137 के जीएच-03 परियोजनाओं को को-डेवलपर के माध्यम से पूरा कराने का प्रस्ताव भी पास कर दिया गया है। इससे फ्लैट खरीदारों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
नोएडा को मिलेगा 220 केवी बिजली सब स्टेशन
नोएडा में लगातार बढ़ते बिजली लोड को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान 2031 के तहत 220 केवी का बिजली सब स्टेशन (SubStation) बनाने की योजना को भी स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना की लागत प्राधिकरण स्वयं वहन करेगा। इससे भविष्य में बिजली की किल्लत से बचाव होगा और ओवरलोडिंग की समस्या से निजात मिलेगी।
सेक्टर-164 में बनेगा इलेक्ट्रॉनिक उद्योगों का हब
यूपी सरकार की इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण नीति-2020 (Electronic Manufacturing Policy) (संशोधन 2022) के तहत नोएडा के सेक्टर-164 में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट को बढ़ावा देने के लिए 6 भूखंड आरक्षित किए गए हैं। इन भूखंडों पर केवल इलेक्ट्रॉनिक उत्पादन इकाइयां ही स्थापित की जा सकेंगी, और संबंधित कंपनियों को सभी सरकारी लाभ दिए जाएंगे।
नोएडा में बनेंगे 7 स्टार होटल
नोएडा जैसे तेजी से विकसित होते शहर में अब 5 और 7 स्टार होटलों की भी सुविधा विकसित की जाएगी। प्राधिकरण ने इस योजना को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (Public Private Partnership) (PPP) मॉडल पर लागू करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। आगामी समय में प्राधिकरण इन होटलों के लिए भूखंड चिह्नित कर निविदा प्रक्रिया शुरू करेगा। इस निर्णय से नोएडा में आने वाले विदेशी और राष्ट्रीय पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी, जो अब दिल्ली में रुकने को मजबूर होते हैं।
अन्य प्रस्तावों को भी मिली मंजूरी
इसके अलावा बोर्ड ने विभिन्न औद्योगिक (Industrial), संस्थागत (Institutiona) , आवासीय और ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं के लिए नए ब्रोशर तैयार करने और उनके भूखंड आवंटन की योजनाओं को भी हरी झंडी दी है।
उपस्थित अधिकारी
बैठक में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम, अपर जिलाधिकारी बच्चू सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी, यमुना प्राधिकरण के एसीईओ कपिल सिंह, तथा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के एसीईओ अतुल वत्स भी मौजूद रहे। यह निर्णय नोएडा के शहरी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जो न केवल शहर की जर्जर इमारतों को नई जिंदगी देगा बल्कि रियल एस्टेट सेक्टर में भी नई उम्मीदें पैदा करेगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।