दनकौर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर पंचायत की सख्ती, दुकानदारों को दो दिन में हटाने का अल्टीमेटम

ग्रेटर नोएडा (11 जून 2025): दनकौर नगर पंचायत प्रशासन ने बुधवार को कस्बे की मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत दुकानदारों को दो दिनों के भीतर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने का निर्देश दिया गया है। तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर सख्त कदम उठाए जाने की चेतावनी दी गई है।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी फिरोज खान ने बताया कि कस्बे की कई प्रमुख सड़कों पर दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे सामान फैला कर सड़क तक कब्जा कर रखा है। इस कारण सड़कों पर आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है।

विशेष रूप से टीन का बाजार, लंबा गलियारा, बिहारीलाल चौराहा और दीनदयाल चौराहा जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यह समस्या गंभीर रूप धारण कर चुकी है। सबसे अधिक परेशानी आपातकालीन सेवाओं को हो रही है। एंबुलेंस जाम में फंसने के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

फिरोज खान ने बताया कि क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार की जा रही शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर दुकानदार दो दिन के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो नगर पंचायत उनके खिलाफ चालान, सामान जब्ती और कानूनी कार्रवाई जैसे सख्त कदम उठाएगी। नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि कस्बे को व्यवस्थित और यातायात के लिए सुगम बनाना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए सभी दुकानदारों और नागरिकों का सहयोग जरूरी है।

इस अभियान के तहत नगर पंचायत की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर अतिक्रमण स्थलों की सूची भी तैयार की है। जल्द ही इन स्थलों पर पुनः निरीक्षण कर कार्रवाई शुरू की जाएगी। नगर पंचायत ने आम जनता से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।