विश्व पर्यावरण दिवस पर सूरजपुर वेटलैंड में गूंजा संदेश, “एक पेड़ मां के नाम”

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा , (6 जून 2025): “प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना” थीम के साथ विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के उपलक्ष्य में गौतमबुद्धनगर प्रशासन और वन विभाग द्वारा सूरजपुर वेटलैंड में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ला द्वारा मौलश्री का पौधा रोपित कर की गई। इस अवसर पर पर्यावरण प्रेम और जिम्मेदारी की भावना को जागृत करते हुए उन्होंने लोगों से अपील की “वृक्ष लगाओ, जल बचाओ, जीवन बचाओ।”

कार्यक्रम की विशेष बात रही “एक पेड़ मां के नाम” थीम पर वृक्षारोपण और सफाई अभियान। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने भी पर्यावरण संरक्षण को राष्ट्र सेवा बताते हुए अधिकाधिक पौधारोपण का आह्वान किया।

वन अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पेड़ केवल हरियाली नहीं, बल्कि भूमि और जल संरक्षण के प्राकृतिक प्रहरी हैं। गिरते भूजल स्तर और मिट्टी के कटाव पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा “हर व्यक्ति अपने आस-पास एक वृक्ष जरूर लगाए, यह आने वाली पीढ़ियों के लिए उपहार होगा।”

इस अवसर पर जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाएं, स्कूली छात्र-छात्राएं, पूर्व हॉकी खिलाड़ी मंजीत सिंह और प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी हरेन्द्र भाटी भी उपस्थित रहे।

इसी श्रृंखला में ओखला पक्षी विहार में भी “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण व सफाई अभियान चला। इसमें ईको रूट्स फाउंडेशन, लैडिंग हैड फाउंडेशन और जीवन स्तम्भ फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।