शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (01 जून 2025): शादी का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को थाना बीटा-2 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रियांक मिश्रा लंबे समय से फरार चल रहा था और आखिरकार 31 मई को उसे जीरो प्वाइंट के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर पहले दुष्कर्म किया, फिर उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। धमकियों के जरिए आरोपी ने महिला पर मानसिक दबाव बनाते हुए उससे करीब 1,90,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। जब पीड़िता ने उससे शादी की बात की, तो आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की, गाली-गलौच और मारपीट की, यहां तक कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर 1 मई को थाना बीटा-2 में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। मामला गंभीर प्रकृति का होने के कारण पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी थी। आखिरकार, 31 मई को पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा के मामलों में लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।