मंडी श्यामनगर हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, हत्या से पहले रेकी करने वाला नाबालिग गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (1 जून 2025): दनकौर कोतवाली क्षेत्र के मंडी श्यामनगर में 12 मई को हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने शनिवार रात उस नाबालिग को हिरासत में ले लिया है, जिसने हत्या से एक दिन पहले मृतक की रेकी की थी। इससे पहले इस मामले में दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।
हत्या की यह वारदात दनकौर रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित मंडी श्यामनगर में घटित हुई थी, जहां 21 वर्षीय विशाल अपने परिवार के साथ निवास कर रहा था। मूल रूप से बादलपुर कोतवाली अंतर्गत सादोपुर गांव का निवासी विशाल 12 मई को बाजार में फल खरीदने गया था, उसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए सनी नामक युवक ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से विशाल की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी। अच्छेजा गांव के रहने वाले राहुल, विपिन और सनी ने मिलकर विशाल को मारने की साजिश रची थी। योजना के तहत सनी ने गोली चलाई, जबकि अमित और एक नाबालिग ने घटना से एक दिन पहले विशाल की गतिविधियों की रेकी की थी।
मृतक के पिता विजय की शिकायत पर दनकौर कोतवाली में हत्या और आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पहले ही अमित और विपिन को गिरफ्तार कर लिया था। अब रेकी में शामिल नाबालिग को भी हिरासत में लेकर रविवार को किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि अभी भी मुख्य आरोपी सनी और राहुल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।