किसानों की मांगों पर गौतमबुद्ध नगर प्रशासन और संयुक्त किसान मोर्चा के बीच हुई बैठक
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (17 दिसंबर 2024): किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत द्वारा 23 दिसंबर को सिसौली से बड़े ऐलान की घोषणा के बाद गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए किसानों की मांगों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। आज कलेक्ट्रेट सभागार में कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मनीष वर्मा के नेतृत्व में संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण वार्ता हुई। बैठक में प्रशासन की ओर से एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे और ओएसडी यमुना प्राधिकरण शैलेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में प्रशासन की ओर से कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने महत्वपूर्ण घोषणाएँ की। उन्होंने बताया कि किसानों के खिलाफ चल रहे मामलों में जेल में बंद किसानों की रिहाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, और आगामी एक से दो दिनों में सभी किसान जेल से रिहा हो जाएंगे। इसके साथ ही आंदोलन के दौरान किसानों की ज़ब्त की गई गाड़ियों और ट्रैक्टरों को तत्काल प्रभाव से छोड़ने का आदेश भी दिया गया।
कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने संयुक्त किसान मोर्चा को यह भी आश्वासन दिया कि बहुत जल्दी ही किसानों की मांगों पर शासन स्तर पर बातचीत शुरू की जाएगी। इसमें 10 प्रतिशत प्लॉटों की मांग और 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करने की मांग प्रमुख है। दोनों अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि इन समस्याओं का हल केवल बातचीत के माध्यम से ही निकाला जाएगा। बैठक का माहौल शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण था।
बैठक के बाद, संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मीडिया से बातचीत करते हुए यह स्पष्ट किया कि राकेश टिकैत द्वारा 23 दिसंबर को सिसौली से किसी बड़े ऐलान के संबंध में संयुक मोर्चा द्वारा किसी भी धरना या प्रदर्शन की कोई घोषणा नहीं की गई है, और न ही ऐसी कोई योजना है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या संगठन द्वारा इस तरह का कोई आंदोलन या प्रदर्शन किया जाता है, तो वह उनका व्यक्तिगत निर्णय होगा और इसका जिम्मा स्वयं आंदोलन कर्ता का होगा। संयुक्त किसान मोर्चा इसकी जिम्मेदारी नहीं लेगा।
इस बैठक के बाद प्रशासन और किसान नेताओं के बीच संवाद का सकारात्मक वातावरण बना है, और अब सभी की नजरें शासन स्तर पर होने वाली आगामी वार्ता पर टिकी हैं, जो किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।