ग्रेटर नोएडा की पॉश सोसाइटी में महिला से मारपीट: घर में घुसकर हमला, पुलिस रही बेपरवाह!
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (30 मई, 2025): ग्रेटर नोएडा की एक्सोटिका ड्रीमविल सोसाइटी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहाँ एक महिला कीर्ति सिंह और उनकी सहेली के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और लूटपाट की गई। मामला 24 मई 2025 की रात करीब 12:30 बजे का है, जब डॉक्टर भूपेंद्र भाटी, उनकी पत्नी ज्योति भाटी और सोसाइटी के ही संदीप सैनी एक नाबालिग लड़की के साथ झगड़ते पाए गए। शोर सुनकर कीर्ति और उनकी सहेली मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव की कोशिश की।
आरोप है कि थोड़ी देर बाद संदीप सैनी अन्य लोगों के साथ लौटे और दोनों महिलाओं से मारपीट शुरू कर दी। कीर्ति सिंह का फोन छीन लिया गया, उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और गले से सोने की चैन तक छीन ली गई।
शिकायत के लिए बिसरख थाने पहुंचीं पीड़िताओं को वहां से टाल दिया गया, और 15 घंटे तक मेडिकल जांच भी नहीं कराई गई। महिला थाने में भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
स्थिति और भयावह तब हो गई जब उसी रात लगभग 11 बजे कीर्ति और उनकी सहेली के घर पर दोबारा हमला हुआ। कैमरे तोड़ दिए गए, बिजली काट दी गई और कीर्ति के घर में घुसकर उनके भाई को बुरी तरह पीटा गया। 112 पर कॉल करने के बाद भी मौके पर पहुँची पुलिस भीड़ को काबू नहीं कर सकी।
पीड़िताओं का आरोप है कि हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे और पिस्तौल भी थे, और पुलिस चौकी प्रभारी ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने से इनकार कर दिया। अंततः वे जान बचाकर रातों-रात भागने को मजबूर हो गईं।
इस पूरी घटना पर जब बिसरख SHO से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
यह घटना महिलाओं की सुरक्षा, प्रशासन की निष्क्रियता और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।