ग्रेटर नोएडा में किसान पर जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (24 मई 2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर खादर गांव में 7 अप्रैल को एक किसान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी नकुल की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि शनिवार को पुलिस ने दूसरे आरोपी अजय को भी हिरासत में ले लिया है।

घटना उस समय घटी जब गांव निवासी किसान अनिल खेत से ट्रैक्टर लेकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में उनके पड़ोसी नकुल और अजय ने अपने परिवार के दो अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें तत्काल दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी हालत इतनी बिगड़ गई कि डॉक्टरों को उनका एक पैर काटना पड़ा।

पीड़ित अनिल ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपियों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी, और इसी के चलते यह हमला किया गया।

दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पहले नकुल को गिरफ्तार किया और अब अजय को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस हमले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि पीड़ित को न्याय दिलाया जा सके और गांव में कानून व्यवस्था बनी रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।