ग्रेटर नोएडा में गोवंश पर तेजाब हमला, गौरक्षकों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (24 मई 2025): दनकौर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मंडपा गांव के पास गोवंश पर अमानवीय अत्याचार का मामला सामने आया है। शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक गोवंश पर तेजाब फेंकने की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। घायल गोवंश की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे मौके पर पहुंचे गौरक्षकों ने तत्काल इलाज के लिए भिजवाया।
राष्ट्रीय बजरंग दल के गौरक्षा प्रमुख त्रिलोक नागर ने शनिवार को दनकौर कोतवाली में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 7 मई को भी इसी क्षेत्र में एक अन्य गोवंश पर तेजाब से हमला किया गया था। नागर के अनुसार, बीते कई महीनों से मंडपा गांव और आसपास के इलाकों में लगातार इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो चिंता का विषय है।
त्रिलोक नागर ने आशंका जताई कि यह किसी संगठित साजिश का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही दोषियों को पकड़ा नहीं गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को जल्द ही कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। स्थानीय ग्रामीणों और गौरक्षकों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। वे प्रशासन से निगरानी बढ़ाने और गोवंशों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
इस तरह की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि पशुओं के प्रति समाज की जिम्मेदारी को भी उजागर करती हैं। प्रशासन के लिए यह एक बड़ी चुनौती है कि वह इस मामले में न सिर्फ त्वरित कार्रवाई करे, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।