लापता पत्नी की वापसी से भड़का पति, गाज़ियाबाद में फेंका तेजाब

टेन न्यूज नेटवर्क

गाज़ियाबाद (24 मई 2025): गाज़ियाबाद के कवि नगर क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शास्त्री नगर चौराहे पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

इस सनसनीखेज वारदात की पुष्टि एसीपी कवि नगर स्वतंत्र सिंह ने की। उन्होंने बताया कि थाना कवि नगर क्षेत्र की शास्त्री नगर चौकी अंतर्गत पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला पर तेजाब से हमला किया गया है। तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि आरोपी विश्वजीत करमाकर ने अपनी ही पत्नी पर तेजाब फेंका है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़िता कुछ दिनों से लापता थी और हाल ही में घर लौटी थी। इसी बात को लेकर पति विश्वजीत करमाकर में गहरी नाराज़गी थी। इसी क्रोध में आकर उसने पत्नी पर तेजाब फेंकने जैसा गंभीर अपराध कर डाला।

पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आईपीसी की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पीड़िता को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

एसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि घटना की गहराई से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि महिला के लापता रहने के पीछे की असली वजह क्या थी और उसके लौटने के बाद ऐसी स्थिति क्यों बनी।

पुलिस का कहना है कि पीड़िता का बयान दर्ज होने के बाद पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। वहीं, इलाके के लोग इस बर्बर कृत्य को लेकर आक्रोशित हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।