ग्रेटर नोएडा में बिजली सुधारने पहुंची टीम पर हमला, 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (22 मई 2025): दनकौर कोतवाली क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बिजली सुधार कार्य में जुटी नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (NPCL) की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। घटना बुधवार दोपहर की है जब समसपुर गांव में बिजली लाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, सुपरवाइजर सुमित शर्मा के नेतृत्व में NPCL की एक टीम समसपुर गांव में बिजली आपूर्ति को सुचारु करने के लिए पहुंची थी। टीम में लाइनमैन राशिद और हेल्पर विशाल भी शामिल थे। मरम्मत कार्य के दौरान ननुआ का राजपुर गांव से चार लोग ओमकार, अमित, अंकित और एक अन्य युवक वहां पहुंचे और अपने गांव की बिजली लाइन को पहले ठीक करने की मांग करने लगे।

सुपरवाइजर सुमित शर्मा ने उन्हें समझाया कि पहले समसपुर गांव की लाइन की मरम्मत की जा रही है, जिसके बाद उनके गांव की बारी आएगी। इस बात से नाराज होकर आरोपियों ने टीम के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। उन्होंने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि सुमित शर्मा, राशिद और विशाल के साथ मारपीट भी की। इतना ही नहीं, पीड़ितों को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घटना के बाद सुमित शर्मा ने दनकौर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना ने बिजली विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभागीय अधिकारियों ने टीम के साथ हुई घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।